'शीश महल' के बाद अब BJP ने किया 'शीश महल-2' का दावा, केजरीवाल के नए सरकारी बंगले पर भी विवाद; क्या बोली AAP?
प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल के नए बंगले को 'शीश महल 2' करार दिया है। प्रवेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि केजरीवाल के नए बंगले की तस्वीरें देखकर वे दंग रह गए हैं। दिल्ली के मंत्री ने नए बंगले की तस्वीर भी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि नए बंगले में पांच बेडरूम और चार ड्राइंग रूम, लॉबी है।

दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने एकबार फिर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंदर केजरीवाल पर जमकर हमला बोला है। केजरीवाल शुक्रवार को 95 लोधी स्टेट स्थित सरकारी बंगले में शिफ्ट हुए हैं। प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल के नए बंगले को 'शीश महल 2' करार दिया है। प्रवेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि केजरीवाल के नए बंगले की तस्वीरें देखकर वे दंग रह गए हैं।
मंत्री ने कहा 'दिल्ली के रहमान डकैत, जैसे फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल (धुरंध-2) आया था, वैसे ही आज हम 'शीश महल 2' का खुलासा करने जा रहे हैं। केजरीवाल ने दिल्ली में शीश महल तब बनाया जब दिल्ली कोविड की लहर से जूझ रही थी। दिल्ली की जनता कोविड की दवा मांग रही थी और दम तोड़ रही थी। उस दौरान केजरीवाल के आदेश पर दिल्ली के शीश महल का काम एक भी दिन नहीं रुका। जब हमारे 'धुरंधर' दिल्ली के मतदाताओं ने दिल्ली के रहमान डकैत को हराया, तो वह पंजाब चले गए और भगवंत मान की मुश्किलें बढ़ा दीं। भगवंत मान के घर के आसपास के चार बड़े सरकारी बंगलों में से एक पर केजरीवाल ने कब्जा कर लिया, दूसरे पर दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने, तीसरे पर राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने और एक अन्य पर मनीष सिसोदिया ने।'
'तस्वीरें देखकर हम दंग रह गए'
वे आगे कहते हैं, ‘पंजाब में भगवंत मान परेशान हैं, उन्होंने वहां एक और शीश महल बना लिया है। आज दिल्ली में, वह पिछले कई सालों से अदालत जा रहे हैं और बंगले की मांग कर रहे हैं। और जब उन्हें वह बंगला मिला जिसमें वह कल शिफ्ट हुए, 95 लोधी एस्टेट, तो उसकी तस्वीरें देखकर हम दंग रह गए। जो आदमी कहता था कि वह सादगी से रहेगा, आज वह इतने विलासितापूर्ण तरीके से रह रहा है। जो आप अंदर से हैं वैसे ही खुद को बाहर भी से दिखाना चाहिए ढोंग नहीं करना चाहिए।’
'शीश महल तो केजरीवाल के अंदर रहता है'
उन्होंने आगे कहा 'हमें लगता था कि केजरीवाल शीश महल में रहते हैं लेकिन अब पता चला है कि शीश महल तो केजरीवाल के अंदर रहता है। और जो बाहर नहीं निकल पा रहा है। आज भारत के इतिहास में ये पहले इंसान हैं जिनके शौक खत्म नहीं हो रहे। सबसे ज्यादा शौकीन व्यक्ति अगर आजाद भारत के इतिहास में कोई पैदा हुआ है तो उसका नाम है अरविंद केजरीवाल जिनके शौक नवाब वाले हैं। आम आदमी पार्टी का नाम 'आलीशान आदमी पार्टी' होना चाहिए।'
मंत्री ने बताया नए बंगले में क्या-क्या
दिल्ली के मंत्री ने नए बंगले की तस्वीर भी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि नए बंगले में पांच बेडरूम और चार ड्राइंग रूम, लॉबी है। जो शीश महल में हम गोल्डन टॉयलेट सीट्स नहीं मिली थी शायद वो इसी घर में आई है। जितना दिमान उन्होंने इस पूरे घर के लिए लगाया है उतना वे दिल्ली की जनता के लिए लगा देते तो शायद उनके कार्यकर्ता उनकी पार्टी को छोड़कर नहीं जा रहे होते।
आप नेता ने कहा फर्जी
आप नेता आतिशी ने कहा है कि प्रवेश वर्मा द्वारा जारी कि गई सारी तस्वीरें फर्जी हैं। उन्होंने कहा कि 'वे केजरीवाल जी के घर की तस्वीरें नहीं हैं। किसका घर कितना आलीशान है, इसका पता करने के लिए रेखा गुप्ता जी और एलजी साहब अपना अपना घर खोल दें और केजरीवाल जी अपना घर खोल देंगे। जनता खुद तय कर लेगी।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन