दिल्ली में BJP ने एक और 'प्रवेश' को दिया बड़ा मौका, कौन हैं मेयर उम्मीदवार?
बीजेपी ने गुरुवार को एमसीडी मेयर पद के उम्मीदवार का एलान कर दिया है। पार्टी ने प्रवेश वाही पर भरोसा जताया है। 2022 के निगम चुनावों में उन्होंने इस सीट से शानदार जीत दर्ज की थी।

बीजेपी ने गुरुवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मेयर पद के उम्मीदवार का एलान कर दिया है। पार्टी ने प्रवेश वाही पर भरोसा जताया है। बीजेपी ने प्रवेश वाही को उम्मीदवार बनाकर एक अनुभवी चेहरे पर दांव खेला है। वाही वर्तमान में एमसीडी सदन में 'नेता सदन' की भूमिका निभा रहे हैं, जिससे उन्हें निगम की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक बारीकियों का गहरा अनुभव है।
प्रवेश वाही की उम्र 59 साल है और वे रोहिई ई ( वार्ड संख्या 53) से पार्षद हैं। 2022 के निगम चुनावों में उन्होंने इस सीट से शानदार जीत दर्ज की थी। एजुकेशन की बात करें तो वाही ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के शिवाजी कॉलेज से 1984 में बीए की पढ़ाई की हुई है।
बीजेपी का अगला मेयर बनना तय
आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार न उतारने से बीजेपी का अगला मेयर बनना तय है। वहीं कांग्रेस और अन्य पार्टी के पास इतना संख्या बल नहीं कि वे बीजेपी को चुनौती दे सकें। कुल 250 सीटों वाली एमसीडी में बीजेपी के पास 123, आप के पास 100 और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पास 15 पार्षद हैं। वहीं, कांग्रेस के 9 और 2 निर्दलीय पार्षद सदन का हिस्सा हैं, जबकि एक सीट अभी खाली है।
आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?
पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को था कि सभी स्तरों पर सत्ता होने के बावजूद बीजेपी दिल्ली में कोई बदलाव नहीं ला सकी है। ऐसे में आम आदमी पार्टी बीजेपी को दिल्ली में बदलाव करने का एक और मौका दे रही है, ताकि जनता के सामने उनकी कार्यशैली पूरी तरह उजागर हो सके।
29 अप्रैल को होना है मतदान
मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान 29 अप्रैल को होना है। नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार शाम 5 बजे तक चलेगी। इस साल मेयर पद के लिए कुल 273 वोट डाले जाएंगे। निर्वाचन मंडल में 249 पार्षदों के अलावा 14 मनोनीत विधायक और दिल्ली के कुल 10 सांसद शामिल हैं। जीत का जादुई आंकड़ा 137 तय किया गया है।
इन्हें भी मिलेगी अहम जिम्मेदारी
बीजेपी ने डिप्टी मेयर पद के लिए मोनिका पंत के नाम की घोषणा की है। वहीं, जय भगवान यादव को स्थायी समिति सदस्य और सदन के नेता की दोहरी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि मनीष चड्ढा को स्थायी समिति के सदस्य के रूप में नामित किया गया है। वहीं आप ने शालीमार बाग से उसके पार्षद जलज कुमार चौधरी ने एमसीडी की स्थायी समिति के लिए नामांकन दाखिल किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन