दिल्ली का ये कैसा हाल? हर पांचवें पुरुष को तंबाकू की लत, एक राहत की बात भी
2023-24 में हुए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-छह की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि दिल्ली में अभी 15 वर्ष से अधिक उम्र के 21.6 प्रतिशत पुरुष तंबाकू का सेवन करते हैं। वहीं तंबाकू का सेवन करने वाली महिलाओं की संख्या घटकर दो प्रतिशत से कम 1.7 प्रतिशत हो गई है।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में लगभग हर पांचवें पुरुष को तंबाकू की लत है। हालांकि, राहत की बात यह है कि राजधानी में तंबाकू का सेवन करने वाले पुरुषों की संख्या में 4.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे के अनुसार, वर्ष 2019-21 में दिल्ली में 15 वर्ष से अधिक उम्र के 26.2 प्रतिशत पुरुष और 2.2 प्रतिशत महिलाएं तंबाकू का सेवन करती थीं। उस दौरान दिल्ली में करीब एक चौथाई पुरुष तंबाकू का सेवन करते थे। 2023-24 में हुए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-छह की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि दिल्ली में अभी 15 वर्ष से अधिक उम्र के 21.6 प्रतिशत पुरुष तंबाकू का सेवन करते हैं। वहीं तंबाकू का सेवन करने वाली महिलाओं की संख्या घटकर दो प्रतिशत से कम 1.7 प्रतिशत हो गई है। डॉक्टर इसका एक कारण तंबाकू उत्पादों के पैकेट पर अंकित स्वास्थ्य संबंधित चेतावनी व चित्र को भी बता रहे हैं।
30 प्रतिशत लोग हो जाते हैं टीबी के मरीज
दिल्ली में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के पूर्व प्रभारी डॉ. एसके अरोड़ा ने बताया कि धूम्रपान करने वाले 30 प्रतिशत लोग आगे चलकर टीबी के मरीज हो जाते हैं। इसके अलावा तंबाकू के सेवन से फेफड़े का कैंसर, हाइपरटेंशन, ब्रेन स्ट्रोक, मुंह का कैंसर, गॉल ब्लैडर व आंतों का भी कैंसर, अस्थमा और ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियां होती हैं। इसके अलावा प्रजनन क्षमता भी प्रभावित होती है।
छोटे बच्चे के लिए धुआं जानलेवा
पूर्व प्रभारी डॉ. अरोड़ा ने बताया कि तंबाकू का धुआं इतना जहरीला है कि यदि एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों में सांस के जरिये तंबाकू का धुआं चला जाए तो उनकी अचानक मौत हो सकती है। इसलिए बच्चों के पास धूम्रपान घातक होता है। इसलिए ऐसा नहीं करना चाहिए।
टीबी केंद्रों पर मिले छोड़ने की सलाह
डॉ. अरोड़ा ने कहा कि टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के साथ तंबाकू की रोकथाम के कार्यक्रम को भी एकीकृत किए जाने की जरूरत है। टीबी केंद्रों पर ही मरीजों को तंबाकू छोड़ने की सलाह और उनकी काउंसलिंग होनी चाहिए।
● राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सवेक्षण 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के बीच किया गया
● 4.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई
● 2019-21 के सर्वे में 26.2 प्रतिशत पुरुष और 2.2 प्रतिशत महिलाएं करती थी सेवन
● 21.6 प्रतिशत पुरुष और 1.7 प्रतिशत महिलाएं हालिया सर्वे के अनुसार करतीं तंबाकू का सेवन
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन