14 अप्रैल को दिल्ली में युवक को चाकू से गोदने वाले नाबालिग निकले, दादी पर कमेंट से भड़के थे आरोपी
14 अप्रैल अंबेडकर जंयती के दिन दिल्ली में युवक की चाकू से गोदने वालों को पुलिस ने पकड़ लिया है। हत्याकांड के सभी आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हत्याकांड की वजह का भी खुलासा किया है।

आउटर दिल्ली के उत्तरी जिले में समयपुर बादली इलाके में 14 अप्रैल अंबेडकर जयंती के दिन हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 19 वर्षीय युवक की हत्या में पुलिस ने 6 नाबालिगों को पकड़ लिया है। हत्याकांड की वजह मामूली कहासुनी और विवाद था, जिसमें आरोपियों ने युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या की मुख्य वजह का भी खुलासा किया है।
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल की शाम करीब 7:44 बजे समयपुर बादली थाने में सूचना मिली थी कि एमसीडी कॉलोनी इलाके में एक युवक को चाकू मार दिया गया है। घायल युवक की पहचान राजीव (19) के रूप में हुई, जो पेशे से टेंपो चालक था। उसे तुरंत शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या एक दिन पहले यानी 13 अप्रैल को हुए विवाद का नतीजा है। उस दिन कुछ स्थानीय युवक मृतक के घर के पास जमा हुए थे, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। अगले दिन 14 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे आरोपी युवक अपने साथियों के साथ फिर से गली में पहुंचे और विवाद बढ़ने पर राजीव पर चाकू से हमला कर दिया।
सीसीटीवी खंगाले, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जांच के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 6 नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
क्या था हत्या का कारण?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश थी। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी और उसकी दादी के साथ मृतक और उसके पिता का विवाद हुआ था। इस दौरान बुजुर्ग महिला के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां और इशारे किए, जिससे आरोपी भड़क गया और उसने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।




साइन इन