दिल्ली में 70 की स्पीड से चली हवा; 5 साल में दूसरी बार सबसे साफ मई, कल येलो अलर्ट
Delhi Mausam: दिल्ली में तेज हवाओं और बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। इसके चलते वायु गुणवत्ता सुधरकर 'संतोषजनक' श्रेणी में पहुंच गई है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

दिल्ली में शनिवार को तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इससे मौसम सुहाना हो गया। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में भी काफी सुधार नजर आया और AQI 85 के साथ संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गया। 30 मई पिछले 5 वर्षों में दूसरा सबसे स्वच्छ मई महीना रहा है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 24.6 डिग्री और अधिकतम 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) के आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 दिल्ली के लिए साल 2021 के बाद सबसे साफ मई रहा। ये आंकड़े 29 मई तक की वायु गुणवत्ता पर आधारित हैं। दिल्ली में 29 मई तक 3 दिन हवा की गुणवत्ता 'संतोषजनक', 20 दिन 'मध्यम' और छह दिन 'खराब' श्रेणी में रही। मई माह के दौरान दिल्ली का औसत एक्यूआई 161 दर्ज किया गया, जबकि मई 2021 में यह 144 था।
5 साल में दूसरी बार सबसे साफ मई
शनिवार तक मई 2026 में 'संतोषजनक' श्रेणी वाले दिनों की संख्या बढ़कर 4 हो गई। शनिवार को एक्यूआई 85 दर्ज किया गया जो मई 2023 के बाद मई का सबसे कम एक्यूआई है। इससे पहले 2 मई 2023 को एक्यूआई 76 दर्ज किया गया था। इस तरह बीते 5 साल में 30 मई को दूसरी बार सबसे साफ मई के तौर पर दर्ज किया गया।
AQI के 'मध्यम' श्रेणी में रहने का अनुमान
CPCB के अनुसार, 0-50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51-100 को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बहुत खराब' और 401-500 को 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई के 'मध्यम' श्रेणी में बने रहने का अनुमान जताया है।
37.2 डिग्री रहा तापमान
शहर के प्रमुख मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम और एक दिन पहले की तुलना में 0.7 डिग्री कम था। सफदरजंग में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार को 28.4°C दर्ज किया गया था। वहीं, अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम और शुक्रवार की तुलना में 0.4 डिग्री अधिक था।
कहां कितना तापमान?
अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में इसी प्रकार की गिरावट दर्ज की गई। पालम में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस लोधी रोड में 23.2 डिग्री, रिज में 22.3 डिग्री और आयानगर में 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान पालम और लोधी रोड में 36.6 डिग्री सेल्सियस, रिज में 37.3 डिग्री तथा आयानगर में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
70 की स्पीड से चली हवाएं
शनिवार शाम को कई मौसम केंद्रों पर तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 0.9 मिलीमीटर (मिमी), लोधी रोड में 3.8 मिमी, रिज में 0.4 मिमी, आयानगर में 0.2 मिमी और मयूर विहार में चार मिमी बारिश दर्ज की गई। पालम में केवल नाममात्र बारिश रिकॉर्ड हुई। राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवाएं भी चलीं। सफदरजंग में शाम 4:15 बजे हवा की रफ्तार 38 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई जबकि पालम में यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।
कल भी आंधी बारिश का येलो अलर्ट
प्रगति मैदान और पूसा में क्रमशः 59 और 54 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने रविवार को भी आंधी और बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। IMD के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को हल्की बारिश, गरज-चमक, बिजली चमकने और शाम के समय 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाली तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग ने रविवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान के 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई है। इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम चार बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 85 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। शुक्रवार को इसी समय यह 123 था जो 'मध्यम' श्रेणी में था।




साइन इन