दिल्ली के साकेत में 5 मंजिला इमारत गिरी; 13 निकाले गए, 2 की हालत नाजुक
साउथ दिल्ली में साकेत के पास बड़ा हादसा हो गया है। सैदुलाजाब इलाके में पांच मंजिला इमारत के गिरने की खबर सामने आई है। मलबे से 13 लोगों को बचाया गया है। देर रात खबर लिखे जाने तक बचाव का काम जारी था।

दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास सैदुल्लाजाब इलाके में एक बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर गई जिससे कुछ लोग मलबे में दब गए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। आननफानन में बचाव अभियान चलाया गया। मौके पर दमकल विभाग के जवानों के साथ एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी की टीमों ने बचाव अभियान में मोर्चा संभाल लिया। अब तक 13 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। इलाके की बिजली भी काट दी गई है। बताया जाता है कि हादसे के वक्त बिल्डिंग में कुछ कोचिंग छात्र भी मौजूद थे। सीएम रेखा गुप्ता ने हादसे पर चिंता जताते हुए प्रभावितों को तुरंत हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। खबर लिखे जाने तक बचाव कार्य जारी थे।
मलबा हटाने के लिए मंगाए 2 बुलडोजर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब पौने आठ बजे हुआ। इमारत एक अस्थाई टिन की छत में चल रहे कैंटीन पर अचानक गिर गई। इससे वहां खाना खा रहे कई लोग मलबे में दब गए। कॉल मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया। अब तक मलबे में दबे कुल 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मलबा हटाने के लिए 2 बुलडोजर मंगाए गए हैं।
एम्स ट्रॉमा सेंटर में 10 भर्ती, 2 की हालत नाजुक
वहीं एम्स ट्रॉमा सेंटर में मलबे से निकाले 10 लोगों को भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसमें से एक को वेंटिलेटर सपोर्ट पर डाल दिया गया है। वहीं दूसरा मरीज शॉक में चला गया है। घटना के बाद एम्स ट्राॅमा सेंटर को अलर्ट कर दिया गया।
अवैध तरीके से तल रहा था निर्माण कार्य
मौके पर मौजूद फायर विभाग के अधिकारी रविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इस पांच मंजिला इमारत (गाउंड+चार) बगल में स्थित एक अस्थायी टिन की छत वाली कैंटीन पर गिर गई। इस इमारत की चौथी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि अवैध तरीके से चल रहे इस निर्माण कार्य की वजह से यह पुरानी इमारत गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त कैंटीन में कुछ बच्चे खाना खा रहे थे। हादसे वाली जगह पर इस समय युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है। दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ और फायर विभाग के टीमें मौके पर मौजूद हैं और अन्य एजेंसियों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रही हैं।
वीकेंड की वजह से टल गया बड़ा हादसा
उधर स्थानीय लोगों के मुताबिक शनिवार होने की वजह से इलाके में ज्यादातर आफिस बंद थे। जिसके कारण कैंटीन और आसपास के इलाके में भीड़ आम दिनों की अपेक्षा कम थी। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। बहरहाल फायर विभाग के मुताबिक अबतक कुल दस लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। जबकि अभी कुछ अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत व बचाव कार्य जारी है। खबर लिखे जाने तक ऑपरेशन अभी जारी था। फायर विभाग का कहना है कि हो सकता है अभी कुछ और लोग फंसे हों। ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मलबे में दबे लोगों व घायलों के बारे में अधिकारिक अपडेट दिया जाएगा।
वहीं मौके पर मौजूदद स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इमारत की ऊपरी मंजिलों पर निर्माण का काम जारी था। वह अभी पूरा नहीं हो सका था। पहले से बनी इस पुरानी इमारत पर उपर की मंजिल का निमाण कार्य चल रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, यह मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग कुछ ही पलों में जमींदोज हो गई थी। वहां कंक्रीट और लोहे के सरियों का विशाल ढेर लग गया है। सैदुलाजाब की संकरी गलियों और घनी आबादी की वजह से राहत काम में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
जोरदार धमाके की आवाज, आसपास फैला धूल और मलबा
इमारत गिरने के बाद आस पास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। इस बीच रेस्कयू ऑपरेशन शुरू होते ही लोग आसपास जमा हो गए। चश्मदीदों ने बताया कि बिल्डिंग के गिरते ही एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके आसपास के इलाके में धूल और मलबा फैल गया।
चश्मदीद ने क्या बताया?
एक स्थानीय निवासी ने बताया, बिल्डिंग आज शाम करीब 6 बजे गिरी। इसमें ऑफिस थे लेकिन वीकेंड होने की वजह से ज्यादातर ऑफिस बंद थे। आम दिनों की तुलना में कम लोग मौजूद थे। हमें ठीक-ठीक नहीं पता कि हादसे के समय अंदर कितने लोग थे, लेकिन आमतौर पर कुछ ही लोग होते हैं। चूंकि छुट्टी थी, इसलिए शायद आज लोगों की संख्या और भी कम थी। पूरी इमारत गिर गई, और इसका असर आसपास की कुछ छोटी इमारतों पर भी पड़ा।
सीएम रेखा गुप्ता ने जताई चिंता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गु्प्ता ने हादसे पर चिंता जताते हुए कहा, साकेत मेट्रो स्टेशन के पास इमारत गिरने की घटना से हम बेहद चिंतित हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी और नागरिक सुरक्षा की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय में काम कर रही हैं।
आप विधायक आतिशी ने क्या कहा?
दिल्ली की पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने कहा, साकेत में इमारत गिरने की खबर बेहद चिंताजनक है। मलबे में दबे सभी लोगों के सुरक्षित बाहर निकाले जाने की प्रार्थना है। क्षेत्र के सभी AAP कार्यकर्ताओं से अपील है कि राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव सहयोग करें और घायलों की मदद के लिए आगे आएं।




साइन इन