delhi weather update severe cold wave yellow alert record low temperature दिल्ली में बर्फीली हवाओं ने तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड, आज भी कड़ाके की ठंड का येलो अलर्ट, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में बर्फीली हवाओं ने तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड, आज भी कड़ाके की ठंड का येलो अलर्ट

Delhi Weather Update: दिल्ली में 20 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 2.3 डिग्री तक गिर गया है; मौसम विभाग ने घने कोहरे और शीतलहर के चलते येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में ठिठुरन और बढ़ने की संभावना है।

Fri, 16 Jan 2026 05:39 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में बर्फीली हवाओं ने तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड, आज भी कड़ाके की ठंड का येलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में गुरुवार को लगातार चौथे दिन शीतलहर का सामना करना पड़ा। दिल्ली के पालम मौसम केंद्र में बीस वर्षों बाद इतनी ठंड दर्ज की गई। कल इस सीजन का सबसे कम पारा भी दर्ज किया गया। कई मौसम केंद्रों पर तापमान 3 डिग्री से भी नीचे चला गया। आज भी सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में शीतलहर का येलो अलर्ट

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली के लोग लगातार चार दिनों से कड़ाके की सर्दी का सामना कर रहे हैं। तापमान में गिरावट और घने कोहरे के चलते लोगों को रात और सुबह के समय ठिठुराने वाली ठंड झेलनी पड़ रही है। हालांकि, दिन में धूप के चलते हल्की राहत मिल रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली के इन इलाकों में आज और कल रहेगा जल संकट, होगी पानी की कमी

कल सीजन का सबसे ठंडा दिन

बुधवार देर रात के बाद ही तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिली थी। बुधवार की सुबह दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते दृश्यता का स्तर भी प्रभावित हुआ। दिन में दस बजे के बाद कोहरा साफ हो गया और ज्यादातर जगहों पर धूप निकल आई। हालांकि, बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का असर बना रहा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

पहली बार तीन डिग्री से नीचे गया पारा

राजधानी दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में इस सीजन में पहली बार पारा तीन डिग्री से नीचे गया। यह इस सीजन की सबसे ज्यादा ठंडी सुबह भी है। पालम मौसम केंद्र में ठंड ने बीस सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पालम मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री कम है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि इससे पहले वर्ष 2006 की सात जनवरी को न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। अभी सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में इस बार कड़ाके की सर्दी है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में ठंड का प्रचंड प्रहार, 15 साल का रिकॉर्ड टूटा, शिमला से ज्यादा सर्दी

कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अभी कड़ाके की ठंड का असर बना रहेगा। शुक्रवार को हल्के बादल छाए रह सकते हैं। दिल्ली में कई जगहों पर शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हवा की गति पांच से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इससे गलन बढ़ने की संभावना है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। इसके चलते येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।