दिल्ली में आज बारिश और आंधी का येलो अलर्ट, कड़ाके की ठंड के साथ फिर गिरा पारा
Delhi Weather Update: दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने करवट ली है। आईएमडी ने बारिश और 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान गिरने के साथ ठंड और प्रदूषण बढ़ गया है।

राजधानी दिल्ली के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। अगर आप आज कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले मौसम विभाग (IMD) का अलर्ट पढ़ लीजिए। दिल्ली में तापमान गिरने के साथ ही अब बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।
दिल्ली में फिर लौटी ठिठुरन
शनिवार को दिल्लीवासियों की सुबह कड़ाके की ठंड के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम के सामान्य तापमान से 1 डिग्री कम है। शुक्रवार की तुलना में ठंड बढ़ी है, क्योंकि एक दिन पहले यानी शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस था।
आज भी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने ठंड के साथ-साथ आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाये हुए हैं। आज दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जो ठंडक को और बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी भी दी है, जिससे विजिबिलिटी पर असर पड़ सकता है।
कल तक भीगती रहेगी दिल्ली
मौसम में यह बदलाव इस महीने आए तीसरे पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है। विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह सिलसिला शनिवार से शुरू होकर सोमवार तक जारी रह सकता है।
फरवरी रहेगी सामान्य से ज्यादा गर्म
फरवरी में मौसम सामान्य से अधिक गर्म रहने और कम बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। महापात्र ने कहा कि पूरे देश में फरवरी में होने वाली बारिश सामान्य से कम रहने की उम्मीद है, न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। इससे गर्मी जल्दी दस्तक दे सकती है। इससे गेहूं और जौ जैसी फसलों में समय से पहले पकने की समस्या हो सकती है, जिससे बाली में दाने नहीं बनेंगे और दाने हल्के हो जाएंगे और पैदावार कम हो जाएगी।
हवा भी हुई जहरीली
प्रदूषण का वार मौसम की मार के साथ दिल्लीवालों को प्रदूषण की मार भी झेलनी पड़ रही है। शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 278 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में है। शुक्रवार शाम 4 बजे यह 253 था, यानी पिछले 24 घंटों में हवा और जहरीली हुई है।




साइन इन