दिल्ली में कुदरत का करिश्मा: एक ही दिन में दिखे 3 मौसम; 41°C वाले टॉर्चर के बाद आंधी-तूफान संग भारी बारिश
दिल्ली ने शुक्रवार को मौसम के तीन अलग-अलग रंग देखे। दिन की शुरुआत उमस और धुंध के साथ हुई, दोपहर तक पारा 41 डिग्री सेल्सियस (सीजन का सबसे गर्म दिन) तक जा पहुंचा, लेकिन शाम होते-होते अचानक हुई तेज बारिश और 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूलभरी आंधी ने पूरी तस्वीर बदल दी।

राजधानी दिल्ली में लोगों को शुक्रवार को एक ही दिन में तीन अलग-अलग मौसम के नजारे देखने को मिले। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान था। इसके बाद अचानक हुई बारिश ने मौसम को काफी हद तक ठंडा कर दिया।
दिल्ली-एनसीआर में शाम को आई जोरदार आंधी-तूफान और तेज बारिश से यहां के लोग और मौसम विभाग (IMD) दोनों ही हैरान रह गए। इसके चलते कई मुख्य रास्तों पर ट्रैफिक लगभग ठप हो गया और बीच रास्ते में फंसे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आज और कल कैसा मौसम
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए बारिश या आंधी-तूफान का कोई अनुमान नहीं जताया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शनिवार को अधिकतम तापमान 39-41 डिग्री सेल्सियस तथा रविवार को 40-42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बता दें कि, शुक्रवार को दिन की शुरुआत उमस भरे माहौल के साथ हुई। शहर के कुछ हिस्सों में धुंध छाई रही और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बढ़ती उमस के चलते दोपहर तक तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया। सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से ऊपर था।
शाम होते-होते बदल गए हालात
हालांकि मौसम विभाग ने पहले 17 अप्रैल को दिल्ली में गरज और बिजली चमकने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान जताया था, लेकिन असल मौसम कहीं अधिक तीव्र और व्यापक निकला, जो पूर्वानुमान में एक बड़ी चूक को दर्शाता है। शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच हुई शुरुआती हलचल से शहर के कुछ हिस्सों में तापमान 4-10 डिग्री तक गिर गया, जिससे थोड़ी राहत मिली। इस दौरान बारिश बहुत कम हुई। सफदरजंग में शाम 5:30 बजे तक केवल नाममात्र की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, इसके बाद हालात तेजी से बदल गए।
शाम 5.30 बजे से रात 8.30 बजे के बीच शहर में बारिश की तीव्रता में अचानक तेजी देखी गई। सफदरजंग में 10.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में 16 मिलीमीटर, पूसा में 8 मिलीमीटर और मयूर विहार में 6.5 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चलीं, रात 8 बजे तक पालम में हवा की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई।
लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई
मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए अपनी भविष्यवाणियों को अपडेट किया। रात 8 बजे से 10 बजे के बीच कई 'नाउकास्ट' (तत्काल मौसम पूर्वानुमान) जारी किए गए, जिनमें मध्यम बारिश और तेज हवाओं के प्रति आगाह किया गया था। रात 8:50 बजे तक उसने एक अलर्ट जारी किया जिसमें आंधी-तूफान की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई।
अधिकारियों के अनुसार, मौसम में अचानक आया यह बदलाव मध्य और ऊपरी ट्रोपोस्फीयर में एक पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुआ। इसके साथ ही निचले स्तरों पर दक्षिण पंजाब से लेकर दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली एक ‘ट्रफ’ भी सक्रिय थी।




साइन इन