दिल्ली में सुधरेगी पानी-सीवर की सप्लाई; CM ने लॉन्च की 2100 करोड़ की परियोजनाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 2100 करोड़ रुपये की जल बोर्ड परियोजनाओं की शुरुआत की। इनका मकसद स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति बढ़ाना और सीवरेज सिस्टम को आधुनिक बनाना है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पश्चिमी दिल्ली स्थित टोडापुर के रामलीला मैदान में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की 2100 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर जल प्रबंधन व्यवस्था बनाना ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों ताकि लोगों को जल्दी फायदा मिल सके।
सीएम ने कहा कि राजधानी में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और आधुनिक सीवरेज सिस्टम विकसित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आज जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है वे जल आपूर्ति क्षमता को बढ़ाएंगी और दिल्ली को स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इन परियोजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को बेहतर पानी की सप्लाई मिलेगी। आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट की सुविधा बढ़ेगी और यमुना को साफ करने में मदद मिलेगी।
परियोजनाएं पूरी होने के बाद सीवेज साफ करने की क्षमता बढ़ेगी और बिना साफ किया हुआ गंदा पानी यमुना में जाने से रुकेगा। साथ ही पानी की सप्लाई व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के लिए पानी और सीवर की मजबूत व्यवस्था बहुत जरूरी है। सरकार मिशन मोड में काम कर रही है ताकि हर घर तक साफ पानी पहुंचे और हर इलाके में आधुनिक सीवर नेटवर्क हो।
इन परियोजनाओं का श्रीगणेश
1. नीलोठी-1 एसटीपी की क्षमता बढ़ाई गई
40 एमजीडी से बढ़ाकर 60 एमजीडी की गई।
लागत- 373.21 करोड़ रुपये
2. पप्पनकलां फेज-1 एसटीपी की क्षमता बढ़ाई गई
20 एमजीडी से बढ़ाकर 30 एमजीडी की गई।
लागत- 225.28 करोड़ रुपये
3. नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में हैदरपुर (डब्ल्यूडब्ल्यू-II) की पुरानी पाइपलाइन बदली गई
लागत- 50.72 करोड़ रुपये
4. पीतमपुरा और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में हैदरपुर (डब्ल्यूडब्ल्यू-I) की पुरानी पाइपलाइन बदली गई
लागत- 19.44 करोड़ रुपये
इन परियोजनाओं का शिलान्यास
1. जल आपूर्ति सुधार - चंद्रावल डब्ल्यूटीपी क्षेत्र (पैकेज 3)
लागत- 990 करोड़ रुपये
2. जल आपूर्ति सुधार- चंद्रावल डब्ल्यूटीपी क्षेत्र (पैकेज 4)
लागत- 268.41 करोड़ रुपये
3. बेगमपुर क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (रोहिणी एसटीपी से जुड़ा)
लागत- 58 करोड़ रुपये
4. वजीराबाद क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (कोरोनेशन पिलर एसटीपी से जुड़ा)
लागत- 25.15 करोड़ रुपये
5. रनहोला क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (नीलोठी एसटीपी से जुड़ा)
लागत- 34.85 करोड़ रुपये
6. संत नगर क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (कोरोनेशन पिलर एसटीपी से जुड़ा)
लागत- 40.21 करोड़ रुपये
7. मोलरबंद एसटीपी की क्षमता में वृद्धि (0.67 एमजीडी बढ़ाई जाएगी)
लागत- 14.71 करोड़ रुपये
व्यावसायिक जल उपभोक्ताओं को राहत
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जल उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लागू की गई एमनेस्टी स्कीम में अब व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी शामिल किया जा रहा है। साथ ही इस योजना को अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ 3.52 लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने लिया, जिसके अंतर्गत पेनल्टी, ब्याज और सरचार्ज माफ कर लगभग 1400 करोड़ रुपये की राहत दी गई तथा दिल्ली जल बोर्ड को 484 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
लेट पेमेंट सरचार्ज पर 100 प्रतिशत छूट
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी घोषणा की कि दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े व्यावसायिक एवं गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लेट पेमेंट सरचार्ज पर 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इस निर्णय के तहत व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर वर्षों से जमा लगभग 74,293 करोड़ रुपये की पेनल्टी को पूरी तरह माफ किया जाएगा। इससे दिल्ली जल बोर्ड को इन उपभोक्ताओं से लगभग 285.2 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।




साइन इन