mp viral video news truck crushes many bike riders in guna एमपी के गुना में ट्रक ने 4 बाइक सवारों को रौंदा; 1 की मौत, कई घायल, VIDEO वायरल, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

एमपी के गुना में ट्रक ने 4 बाइक सवारों को रौंदा; 1 की मौत, कई घायल, VIDEO वायरल

मध्य प्रदेश के गुना में बुधवार को एक खौफनाक हादसा हुआ। एक बेकाबू ट्रक ने कई मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक शख्स की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

Wed, 18 Feb 2026 07:44 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, गुना
share
एमपी के गुना में ट्रक ने 4 बाइक सवारों को रौंदा; 1 की मौत, कई घायल, VIDEO वायरल

मध्य प्रदेश के गुना के कुशमोदा इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जहां मक्के से भरे एक बेकाबू ट्रक ने कई बाइक सवारों को टक्कर मार दी। ट्रक एक बाइक को करीब 30 मीटर तक घसीटता ले गया जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई जबकि चार से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी को मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुना के कुशमौदा क्षेत्र में कुसमोदा चौकी से आगे महिंद्रा शोरूम के पास महुगढ़ा रैक प्वाइंट पर रेलवे द्वारा मक्का की रैक लगाई जा रही थी। इसी दौरान मक्का से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर कोहराम मचा दिया। ट्रक महिंद्रा शोरूम के पास पहुंचा और तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, एक साइकिल सवार और एक ऑटो को टक्कर मार दी।

CCTV फुटेज वायरल

मंगलवार को हुआ यह हादसा सीसीटीवी फुटेज में हुआ कैद हो गया। हादसे का वीडियो अब वायरल हो रहा है। ट्रक ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा।

एक शख्स की मौत, 4 जख्मी

हादसे में ग्राम सोहाया के रहने वाले 28 वर्षीय शिवनंदन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जो वर्तमान में विकास नगर में रह रहे थे और मेसी ट्रैक्टर शोरूम में काम करते थे। इस हादसे में करीब 4 लोग घायल हुए हैं। हादसे में जख्मी आरबी धाकड़ ने बताया कि उनके चचेरे भाई और चाचा भी हादसे का शिकार हुए हैं जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

राघौगढ़ के रहने वाले नारायण सिंह सिसौदिया अपनी पत्नी के साथ गुना जा रहे थे। वह भी हादसे का शिकार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सब इंस्पेक्टर ज्योति राजपूत ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है लेकिन चालक मौके से फरार हो गया है। कैंट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|