'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' कब तक बनवाना है, स्टेप बाय स्टेप तरीका समझिए
दिल्ली में महिलाओं को मुफ्त बस सफर के लिए अब 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनवाना होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने इसकी शुरुआत कर दी है।

दिल्ली में महिलाओं को मुफ्त बस सफर के लिए अब 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनवाना होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने इसकी शुरुआत कर दी है। पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए दिल्ली में 50 सेंटर बनाए हैं, जहां जाकर महिलाएं इसे हासिल कर सकती हैं। हालांकि, सरकार ने कार्ड बनवाने के लिए पार्यप्त समय दिया है।
लाइव हिन्दुस्तान से बातचीत में दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) के एक वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पिंक टिकट लेकर भी महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। इसे तुरंत बंद नहीं किया जा रहा है। लेकिन कुछ समय बाद पिंक टिकट को बंद कर दिया जाएगा और तब महिलाएं सिर्फ पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही मुफ्त सफर कर पाएंगी। जिन महिलाओं के पास यह कार्ड नहीं होगा उन्हें टिकट के पैसे देने होंगे।
कब तक बनवाना है पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सरकार ने महिलाओं को 31 मई 2026 तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने का मौका दिया है। यदि समय सीमा में इजाफा नहीं किया गया तो संभव है कि जून की शुरुआत से पिंक टिकट को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। पिंक टिकट योजना के बंद होने के बाद पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही मुफ्त यात्रा संभव होगी।
पिंक टिकट क्यों बंद करेगी सरकार
दरअसल, भाजपा सरकार का दावा है कि अरविंद केजरीवाल की अगुआई में आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान लागू की गई पिंक टिकट योजना में भारी भ्रष्टाचार हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड से जहां महिलाओं को मुफ्त बस सफर का लाभ मिलेगा तो पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकारी खजाने को चूना नहीं लगेगा।
कार्ड बनवाने के लिए क्या दस्तावेज चाहिए?
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बनाए गए 50 सेंटर्स पर महिलाओं को बस अपना आधार कार्ड लेकर जाना है। इसके लिए किसी तरह के फॉर्म भरने या पहले से रजिस्ट्रेशन, अपॉइंटमेंट आदि की आवश्यकता नहीं है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर इन सेंटर से कार्ड बनवाया जा सकता है।
इन दो बातों का ध्यान रखना है-
नियम के मुताबिक, पिंक सहेली कार्ड केवल उन महिलाओं को मिलेगा जिनके आधार पर दिल्ली का पता दर्ज है। इसके अलावा आधार के साथ एक ऐक्टिव मोबाइल नंबर भी लिंक हो। आधार के साथ यह मोबाइल नंबर भी बताना होगा। कार्ड मौके पर ही जारी कर दिया जाएगा।
बस के साथ मेट्रो और नमो भारत में भी सफर
बस में सफर के लिए इसमें किसी तरह के रिचार्ज की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, इस कार्ड के जरिए मेट्रो और नमो भारत में भी सफर की सुविधा होगी, जिसके लिए पहले की तरह टिकट मूल्य चुकाना होगा। हां, सुविधा यह होगी कि बस, मेट्रो और नमो भारत के लिए महिलाओं को अलग-अलग कार्ड संभाले की जरूरत नहीं होगी।
स्टेप बाय स्टेप समझिए
- सबसे पहले अपने नजदीकी केंद्र पर जाएं। पूरी दिल्ली में 50 केंद्र बनाए गए हैं।
- वहां अपनी बारी का इंतजार करें।
- आधार कार्ड दें और मोबाइल नंबर बताएं।
- डिटेल देने के बाद मौके पर ही वेरिफिकेशन होगा।
- फिर आपको पिंक सहेली कार्ड प्राप्त हो जाएगा।




साइन इन