delhi sewer networks will be laid in 11 illegal colonies दिल्ली की 11 अवैध कॉलोनियों में बिछेगी सीवर लाइन, लिस्ट में किनके नाम?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली की 11 अवैध कॉलोनियों में बिछेगी सीवर लाइन, लिस्ट में किनके नाम?

यमुना नदी की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली जल बोर्ड ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी की अनधिकृत कॉलोनियों में सीवर विकास परियोजना की शुरुआत की है।

Sat, 17 Jan 2026 07:00 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, अमित झा, नई दिल्ली
share
दिल्ली की 11 अवैध कॉलोनियों में बिछेगी सीवर लाइन, लिस्ट में किनके नाम?

दिल्ली जल बोर्ड ने यमुना की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए 11 अनधिकृत कॉलोनियों में बड़ी सीवर परियोजना शुरू की है। जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने योजना का शिलान्यास किया। योजना के तहत 31.31 करोड़ रुपये की लागत से 25 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। यह कार्य 9 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है जिससे करीब 3 लाख लोगों को फायदा होगा। इस कदम से गंदगी सीधे नालों और यमुना में जाने से रुकेगी।

यमुना नदी में कम होगा पलूशन

यमुना नदी की सफाई और दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने शनिवार को ओखला ड्रेनेज जोन के देओली और अम्बेडकर नगर क्षेत्रों की कॉलोनियों में एक बड़ी सीवर परियोजना शुरू की है। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इस परियोजना का शिलान्यास किया जो रुकी हुई थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य घरों की गंदगी को सीधे नालों में जाने से रोकना है ताकि यमुना नदी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।

केवल 5 को ही सीवर की सुविधा

इस परियोजना को साल 2018 में मंजूरी मिली थी और इसे मई 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य था। योजना के अनुसार कुल 57 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जानी थी लेकिन केवल 32 किलोमीटर काम ही पूरा हो पाया। देरी की वजह से 16 चुनिंदा कॉलोनियों में से केवल 5 को ही कुछ हद तक सीवर की सुविधा मिल सकी जबकि बाकी इलाकों का गंदा पानी खुले नालों के जरिए यमुना नदी में गिरता रहा।

9 महीनों की डेडलाइन

अब दिल्ली जल बोर्ड इस रुकी हुई योजना को मिशन मोड में तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इसके तहत लगभग 25 किलोमीटर लंबी भूमिगत सीवर लाइन बिछाई जाएगी जिस पर 31.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस काम को 9 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है जिससे उन 3 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलेगा जो अब तक सीवर की सुविधा से वंचित थे। परियोजना देओली और अम्बेडकर नगर विधानसभा क्षेत्रों की 11 अनधिकृत कॉलोनियों के लिए है।

ये कॉलोनियां शामिल

परियोजना में खानपुर एक्सटेंडेड आबादी (एफ-ब्लॉक), दुग्गल हाउसिंग कॉम्प्लेक्स (स्कूल रोड, खानपुर), राजू पार्क (सी-ब्लॉक, देओली), जवाहर पार्क (खानपुर, देओली रोड - ब्लॉक ए से ई, रजिस्ट्रेशन संख्या 621-ए एवं 621-बी), दुग्गल कॉलोनी (खानपुर एक्सटेंशन पार्ट-2), कृष्णा पार्क (खानपुर, देओली रोड), कृष्णा पार्क एक्सटेंशन (ब्लॉक डी एवं डी-ब्लॉक, देओली), तिगड़ी एक्सटेंशन फेज-2, तिगड़ी एक्सटेंशन (अम्बेडकर नगर, सेक्टर-1) समेत 11 कालोनियां हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में 5°C बढ़ा तापमान; आएंगे दो पश्चिमी विक्षोभ, कोहरे का येलो अलर्ट
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में 23 तक मौसम में उतार चढ़ाव; इन इलाकों में बारिश व बर्फबारी का अलर्ट
ये भी पढ़ें:आतिशी पर करेंगे कानूनी कार्रवाई, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति का फैसला

समय पर पूरा होगी परियोजना

जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यमुना को साफ करने का सबसे अच्छा तरीका गंदगी को उसके स्रोत पर ही रोकना है। देओली और अम्बेडकर नगर की कच्ची कॉलोनियों में सीवर न होना यमुना के प्रदूषण की वजह रहा है। यह परियोजना समस्या को जड़ से खत्म करेगी। अब सरकार इसे तय समय में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। काम को समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए अब बजट, जवाबदेही और निगरानी का पूरा इंतजाम कर लिया गया है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।