दिल्ली के सीलमपुर में कपड़े की दुकानों में आग, 30 से अधिक दमकल गाड़ियां लगीं- VIDEO
दिल्ली के सीलमपुर के शांति मोहल्ला में रविवार शाम कपड़े की दुकानों में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की 30 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

,दिल्ली के सीलमपुर इलाके में रविवार को कपड़े की कई दुकानों में भीषण आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अधिकारी के अनुसार शाम 4.22 बजे सीलमपुर के शांति मोहल्ला में आग लगने की सूचना मिली थी और पहले दमकल की चार गाड़ियां भेजी गई थीं लेकिन आग अन्य दुकानों तक फैल गईं। 30 से ज्यादा गाड़ियां भेजी गईं जिन्होंने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
आदर्श नगर में भी आग, 14 लोग झुलसे
दिल्ली के आदर्श नगर में मजलिस पार्क की गली नंबर 6 की एक चार मंजिला इमारत में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। यह आग पहली और दूसरी मंजिल तक फैल गई और इसी बीच पार्किंग में रखा एलपीजी सिलेंडर फटने से बड़ा धमाका हुआ। इस हादसे में बचाव कार्य कर रहे पुलिस और दमकल कर्मियों समेत कुल 14 लोग झुलस गए। घायलों में छह पुलिस और दमकल के जवान हैं जबकि आठ स्थानीय लोग हैं जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
9:01 बजे आग की सूचना
सभी घायलों को पहले बाबू जगजीवन राम और मैक्स अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, सुबह 9:01 बजे आग की सूचना मिली। सी-45 स्थित 111 गज के मकान में आग लगते ही अफरा-तफरी फैल गई। सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
सिलेंडर फटने से घायल हुए लोग
आग बुझाने के दौरान पार्किंग में रखा सिलेंडर फट गया, जिससे एएसआई संदीप, एएसआई प्रेमपाल, सिपाही राहुल और दमकलकर्मी वेद प्रकाश, सुरेश बहल और सीताराम मीणा घायल हो गए। इस घटना में स्थानीय निवासी भी झुलस गए। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पानी की मोटर की चिंगारी से आग
शुरुआती जांच में अंदेशा है कि पार्किंग में लगी पानी की मोटर की चिंगारी से आग लगी। क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से नमूने इकट्ठे किए हैं और जांच चल रही है। अधिकारियों ने कहा कि आग लगने के कारण की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आग पार्किंग में शॉर्ट सर्किट से लगी या LPG गैस लीक होने की वजह से लगी।
बैटरी चार्ज होने के दौरान लगी आग
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे में 3 दमकलकर्मी, 3 पुलिसकर्मी और 7 अन्य लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे इमारत की पार्किंग में आग लगी और वह जल्दी ही ऊपरी मंजिलों तक फैल गई जिससे लोगों में डर पैदा हो गया। आग तब लगी जब पार्किंग में एक स्कूटर की बैटरी चार्ज हो रही थी। स्कूटर की बैटरी चार्ज होते समय अचानक बहुत गर्म हो गई और कुछ ही मिनटों में आग पूरे पार्किंग क्षेत्र और पूरी इमारत में फैल गई जिससे वहां धुआं भर गया।




साइन इन