शर्मनाक: दिल्ली में तड़पते शख्स की मदद के बजाय मोबाइल लूट ले गए स्कूटी सवार, मौत
दिल्ली के रणहौला में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सड़क पर तड़प रहे व्यक्ति की मदद करने के बजाय दो युवक उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। समय पर इलाज न मिलने से व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

राजधानी के रणहौला इलाके, विकास नगर में एक इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना हुई। सड़क पर गिरकर तड़प रहे व्यक्ति की मदद करने की बजाय स्कूटी सवार दो युवक उसकी जेब से फोन लेकर फरार हो गए।
समय पर नहीं मिली मदद
समय पर मदद न मिलने के कारण व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसकी जांच के आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही मरने वाले व्यक्ति की पहचान की कोशिश जारी है।
कई घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली
सड़क पर बेसुध पड़े युवक की कई घंटे तक किसी ने मदद नहीं की और न ही पुलिस को सूचना दी। सुबह करीब आठ बजे इलाके के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शख्स घंटों उसी हाल में सड़क पर पड़ा रहा। समय पर उपचार नहीं मिलने के कार अंततः दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपी युवकों की तलाश कर रही है। आशंका है कि युवक की मौत दिल का दौरा या किसी अन्य मेडिकल इमरजेंसी के कारण हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस टीमें मोबाइल छीनकर फरार हुए दो युवकों की तलाश में जुटी है। इस घटना ने लोगों में सवाल खड़ा किया है कि इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी कहां गायब हो गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद करें और अधिकारियों को सूचित करें।
घटना का वीडियो वायरल
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा कि शनिवार तड़के करीब चार बजे गिरने के बाद एक व्यक्ति बेसुध होकर तड़प रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उसे संभवत: दिल का दौरा या मिर्गी का दौरा पड़ा और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। स्कूटी सवार दो युवक मदद करने की बजाय मोबाइल लूटकर फरार हो गए। इसे बाद दोबारा लौटे ताकि देख सकें कि जेब में कुछ और कीमती सामान तो नहीं बचा, लेकिन जैसे ही उनकी नज़र सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी, वे घबराकर मौके से फरार हो गए।




साइन इन