Record the call, I am killing her, recalls brother of 4-month pregnant commando murdered by husband कॉल रिकॉर्ड कर लो, मैं उसे मार रहा हूं…; गर्भवती महिला कमांडो की हत्या पर भाई के खुलासे, Ncr Hindi News - Hindustan
More

कॉल रिकॉर्ड कर लो, मैं उसे मार रहा हूं…; गर्भवती महिला कमांडो की हत्या पर भाई के खुलासे

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात 27 साल की महिला कमांडो काजल चौधरी की हत्या के मामले में सामने आए खुलासे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। चार महीने की गर्भवती काजल की उसके ही पति ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।

Thu, 29 Jan 2026 09:43 PMRatan Gupta नई दिल्ली, पीटीआई
share
कॉल रिकॉर्ड कर लो, मैं उसे मार रहा हूं…; गर्भवती महिला कमांडो की हत्या पर भाई के खुलासे

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात 27 साल की महिला कमांडो काजल चौधरी की हत्या के मामले में सामने आए खुलासे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। चार महीने की गर्भवती काजल की उसके ही पति ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात से पहले पति ने काजल के भाई को फोन कर कहा था, “कॉल रिकॉर्ड कर लो, मैं तुम्हारी बहन को मार रहा हूं।” कुछ ही देर बाद फोन पर काजल की चीखें सुनाई दीं और लाइन कट गई।

पहले सिर पटका, फिर डंबल दे मारा

यह दिल दहला देने वाली घटना 22 जनवरी को पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में हुई। काजल अपने किराए के मकान में मौजूद थी, तभी उसके पति अंकुर ने कथित तौर पर पहले उसका सिर दरवाजे के फ्रेम पर पटका और फिर भारी डंबल से वार किया। काजल गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर तैनात है। दिल्ली कैंट में पोस्टेड आरोपी पति को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फरीदाबाद में सौतेले बाप ने 2 साल के मासूम को पटक कर मार डाला, अरेस्ट
ये भी पढ़ें:ग्रेटर नोएडा में पति-पत्नी ने 3 बच्चों सहित खाया जहर, दंपति की मौत; क्या वजह?

चीखें सुनी और फिर कॉल कट गई

काजल के भाई निखिल चौधरी संसद मार्ग थाने में कांस्टेबल हैं। उन्होंने बताया- वारदात से कुछ देर पहले अंकुर ने उन्हें फोन कर कहा था कि अपनी बहन को समझा ले। निखिल ने तुरंत काजल को कॉल किया, तो वो अपनी परेशानियों के बारे में बताने लगी। तभी अंकुर ने फोन छीन लिया और धमकी भरे शब्दों में हत्या करने की बात कह दी। निखिल के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने अपनी बहन की चीखें सुनीं और कॉल अचानक बंद हो गई।

काजल मर चुकी है, अस्पताल पहुंचो

करीब पांच मिनट बाद अंकुर ने दोबारा फोन कर कहा- काजल मर चुकी है और अस्पताल पहुंचने को कहा। निखिल पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां काजल को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। परिवार का आरोप है कि कई अस्पतालों ने उसकी हालत देखते हुए भर्ती करने से इनकार कर दिया। अंततः गाजियाबाद के एक अस्पताल में इलाज के दौरान 27 जनवरी की सुबह काजल ने दम तोड़ दिया।

घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना

परिवार ने आरोपी और उसके परिजनों पर लंबे समय से दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। काजल के पिता राकेश ने बताया कि शादी में बाइक, सोने के गहने और नकद देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। मां ने कहा कि उन्होंने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए और कर्ज भी लिया, लेकिन बेटी को लगातार प्रताड़ित किया गया।

काजल का डेढ़ साल का बेटा अब ननिहाल में है। परिवार का कहना है कि वे ही बच्चे की परवरिश करेंगे। पुलिस ने बताया कि पहले मामला हत्या के प्रयास का दर्ज किया गया था, जिसे अब हत्या में बदला जाएगा। जांच जारी है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।