गणतंत्र दिवस पर पन्नू के इशारे पर लिखने वाले थे खालिस्तानी नारे, दिल्ली पुलिस ने साजिश की नाकाम
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तान समर्थक नारे लिखने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कनाडा से संचालित इस साजिश में कुख्यात आतंकवादी पन्नू का हाथ सामने आया है।

गणतंत्र दिवस से ठीक पहले राजधानी में खालिस्तान समर्थक नारे लिखने की साजिश को दिल्ली पुलिस ने नाकाम कर दिया। स्पेशल सेल ने दो आरोपियों को दबोच लिया है, जिनमें एक एम्बुलेंस ड्राइवर भी शामिल है। पूरी प्लानिंग कनाडा से हुई और इसमें खालिस्तानी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू का नाम सामने आया है।
एम्बुलेंस ड्राइवर और उसके साथी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने बलजिंदर नामक एम्बुलेंस चालक और उसके करीबी सहयोगी रोहित उर्फ किरात को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली के दो अलग-अलग स्थानों पर दीवारों पर प्रो-खालिस्तान नारे लिखने की कोशिश में लगे थे। पुलिस के मुताबिक, ये नारे लिखने का मकसद गणतंत्र दिवस के मौके पर शहर में अशांति फैलाना था।
कनाडा से चली साजिश, 2 लाख रुपये का लालच
पूरी साजिश कनाडा में रची गई। पुलिस जांच में पता चला कि सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के संस्थापक और कुख्यात आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू से सीधा संपर्क था। पन्नू के एक करीबी सहयोगी ने इन दोनों को यह काम सौंपा। बदले में उन्हें 2 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। आरोपी 'खालिस्तान जिंदाबाद' जैसे नारे लिखने के लिए तैयार हुए थे।
तिलक नगर का मास्टरमाइंड कनाडा भाग गया
साजिश का मुख्य सूत्रधार तिलक नगर का रहने वाला एक शख्स था, जो 26 जनवरी से कुछ दिन पहले ही कनाडा चला गया। वहां से वह पन्नू के साथ लगातार संपर्क में था और पूरी योजना को अंजाम देने के निर्देश दे रहा था। दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी से साफ हो गया है कि विदेश से निर्देशित ऐसी गतिविधियां देश की सुरक्षा के लिए कितना बड़ा खतरा पैदा कर सकती हैं।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, आगे की जांच जारी
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने इस मामले में गहराई से जांच शुरू कर दी है। आरोपी दोनों से पूछताछ जारी है ताकि साजिश के और लिंक सामने आ सकें। पुलिस का मानना है कि यह घटना अलग-थलग नहीं है, बल्कि बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। गणतंत्र दिवस के दौरान राजधानी में पहले से ही हाई अलर्ट था और ऐसी कोशिशों को नाकाम करके सुरक्षा बलों ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी साबित की है।




साइन इन