पकड़ा गया हाशिम बाबा गैंग का शूटर, दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया अरेस्ट
हाशिम बाबा गैंग का ये शार्पशूटर 2024 के डबल मर्डर केस में वांटेड था। सोमवार रात को पुलिस को देखकर उसने गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में मुठभेड़ के बाद हाशिम बाबा गैंग के एक शूटर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी आमिर उर्फ सलीम के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि वह 2024 के सनसनीखेज डबल मर्डर के मामले में वांडेट था।
अपराध शाखा के अनुसार, आमिर, आकाश शर्मा उर्फ छोटू और उसके भतीजे ऋषभ शर्मा की हत्या के मामले में वांडेट था। 31 अक्टूबर, 2024 को दिवाली पर शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। यह घटना उनके घर के बाहर ही हुई थी।
शास्त्री पार्क में बिछाया जाल
पुलिस ने बताया कि इस हमले में आकाश के बेटे कृष को भी गोली लगी थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई थी और फुटेज बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। पुलिस ने सोमवार देर रात शास्त्री पार्क में मेट्रो डिपो के पास जाल बिछाया था।
अधिकारियों ने बताया कि रात 10.48 बजे आरोपी को देखा गया और उसे रुकने के लिए कहा गया। हालांकि, खुद को घिरा हुआ पाकर उसने पिस्तौल निकाली और पुलिस पर गोलियां चला दी। पुलिस ने बताया कि हेड कांस्टेबल मनोज ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक पिस्तौल, चार कारतूस और चार खोखे बरामद किए गए है।जांचकर्ताओं के अनुसार, आमिर गंभीर अपराधों सहित 14 से अधिक मामलों में शामिल रहा है। अन्य अपराधों में उसकी भूमिका का पता लगाने और उसके साथियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।




साइन इन