हथियारों की तस्करी करने वाले 3 गैंगस्टर दिल्ली पुलिस ने किए गिरफ्तार, कितना माल बरामद हुआ?
दिल्ली पुलिस ने देश की राजधानी में अवैध हथियारों की सप्लाई करने के आरोप में गैंगस्टर नवीन खाती और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस ने देश की राजधानी में अवैध हथियारों की सप्लाई करने के आरोप में गैंगस्टर नवीन खाती और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के पास से चार देसी पिस्तौल और 25 ज़िंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। नवीन के अलावा आरोपियों की पहचान 42 साल के दिनेश कुमार मान और 40 साल के देवेंद्र उर्फ शूटर के तौर पर हुई है। ये दोनों बवाना और हरियाणा के पानीपत के रहने वाले हैं।
17 जुलाई को रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस ने द्वारका इलाके के सुरहेड़ा मोड़ के पास दो लोगों के साथ एक कार को रोका। एक अधिकारी ने बताया कि गाड़ी की चेकिंग और उसमें सवार लोगों की तलाशी लेने पर पुलिस टीम ने दो पिस्तौल और 23 ज़िंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने बताया देवेंद्र गैंगस्टर नवीन का जाना-माना साथी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट सहित 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मान पर पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अधिकारी ने आगे बताया, पूछताछ के दौरान, दोनों ने खुलासा किया है कि उन्होंने गैंगस्टर नवीन खाती से ये हथियार मुनाफ़े में बेचने के लिए खरीदे थे। उनके खुलासे के आधार पर, खाती को बाद में मित्रांव गाँव से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो ज़िंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। खाती की उम्र करीब 50 साल है। पुलिस ने बताया कि वह एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके ख़िलाफ़ 15 से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आगे की जाँच में जुटी हुई है ताकि और कोई संदिग्ध गतिविधि या शख्स हाथ लगे तो उसे काबू में किया जा सके।




साइन इन