1000+ फर्जी मैसेज से डराने वाला श्रीनिवास लुईस मैसूर से गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी
दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्नाटक के मैसूर से 47 वर्षीय श्रीनिवास लुईस को गिरफ्तार किया है। उसने अपनी 1000 से अधिक फर्जी धमकियों वाले मैसेज से देशभर में सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा रखी थी। पुलिस ने उसे किराये के मकान से गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्नाटक के मैसूर से 47 वर्षीय श्रीनिवास लुईस को गिरफ्तार किया है। ऐसा आरोप है कि उसने देशभर में 1100 से अधिक स्कूलों, कोर्ट और सरकारी संस्थानों को बम की झूठी धमकियों वाले मैसेज भेजकर सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा रखी थी। पुलिस ने उसे किराये के मकान से गिरफ्तार किया है।
यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट, विधानसभा और कई शैक्षणिक व सरकारी संस्थानों को बम की धमकियों वाले संदेश भेजने की घटनाओं में अचानक तेजी आई है।
पोस्टग्रेजुएट है आरोपी
पुलिस ने बताया कि लुईस पोस्टग्रेजुएट है और मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है। वह फिलहाल बेरोजगार है और अपनी मां के साथ रहता है, जो एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि वह शायद मानसिक तनाव में था। शुरुआती पूछताछ के दौरान, आरोपी ने ईमेल और अन्य संचार माध्यमों से देश भर में 1,100 से अधिक धमकी भरे संदेश भेजने की बात कबूल की है। पुलिस ने बताया कि इन धमकियों के बाद अलग-अलग राज्यों में कई FIR दर्ज की गई थीं।
1000 से ज्यादा धमकी भरे मैसेज
आरोपी श्रीनिवास लुईस पर आरोप है कि उसने पिछले कुछ समय में देशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, कई हाईकोर्ट और महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों को 1000 से अधिक फर्जी धमकी भरे संदेश (Hoax Messages) भेजे थे। इन मैसेजों में बम धमाकों या अन्य तरह की अप्रिय घटनाओं की धमकी दी गई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच जाता था।
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
दिल्ली पुलिस की टेक्निकल टीमें और साइबर सेल लगातार इन फर्जी मैसेज के स्रोत को ट्रैक कर रही थीं। डिजिटल फुटप्रिंट्स और आईपी एड्रेस की मदद से पुलिस की टीम कर्नाटक के मैसूर पहुंची। वहां एक किराये के मकान में छिपे श्रीनिवास को पुलिस ने धर दबोचा। जांच में सामने आया है कि वह तकनीक का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छुपाने की कोशिश करता था, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सका।
क्यों फैलाता था दहशत?
शुरुआती पूछताछ में पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर श्रीनिवास लुईस का इन धमकियों के पीछे मकसद क्या था। क्या वह किसी मानसिक विकार से जूझ रहा है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है? इतनी बड़ी संख्या में हाई-प्रोफाइल संस्थानों को निशाना बनाना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद गंभीर माना जा रहा है।
दिल्ली पुलिस गिरफ्तारी के बाद अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाने की तैयारी कर रही है। पुलिस उससे पूछताछ करने के साथ ही उन सभी डिवाइसों को बरामद करने का प्रयास करेगी जिनका उपयोग धमकी भेजने में किया गया था।




साइन इन