दिल्ली में हाई अलर्ट; टेरर अटैक के इनपुट पर BJP मुख्यालय समेत कई जगहों की सुरक्षा बढ़ी
आतंकी खतरे के इनपुट को देखते हुए दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने भाजपा मुख्यालय और महत्वपूर्ण संस्थानों पर चौकसी बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में तलाशी और बैरिकेडिंग तेज कर दी गई है।

दिल्ली में आतंकी खतरे का खुफिया इनपुट मिलने के बाद हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने BJP मुख्यालय और महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। संभावित आत्मघाती हमलों और आईईडी के खतरों को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते और त्वरित प्रतिक्रिया टीमें तैनात की गई हैं। दिल्ली पुलिस शहर के प्रमुख बाजारों, परिवहन केंद्रों और संवेदनशील रिहायशी इलाकों में सघन तलाशी अभियान और वाहनों की जांच कर रही है।
सूत्रों ने शनिवार को बताया कि आतंकी खतरे का इनपुट मिलने के बाद दिल्ली पुलिस के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। दिल्ली पुलिस के साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने कई संवेदनशील जगहों पर निगरानी बढ़ा दी है। एक सूत्र ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित BJP मुख्यालय और आस-पास के सरकारी संस्थानों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यही नहीं अतिरिक्त हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं।
किस बात को लेकर मिला अलर्ट?
यही नहीं दिल्ली पुलिस बैरिकेडिंग कर के वाहनों की सघन जांच कर रही है। सूत्रों ने बताया कि एजेंसियों को अलर्ट मिले हैं कि मध्य दिल्ली स्थित प्रमुख कार्यालयों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाया जा सकता है। खुफिया इनपुट में आत्मघाती हमले, वाहनों में छिपाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IEDs), गोलीबारी और सुनियोजित हमले की कोशिशें की जा सकती हैं।
लावारिस वस्तुओं, खड़े वाहनों पर पैनी नजर
सूत्रों ने बताया कि पूरी दिल्ली में महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, राजनीतिक कार्यालयों, बाजारों, परिवहन केंद्रों और अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर पैनी नजर रखी जा रही है। क्विक रिएक्शन टीमें, बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्तों की यूनिट्स, दिल्ली अग्निशमन सेवाओं को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में लावारिस वस्तुओं, खड़े वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
कानून-व्यवस्था के लिहाज से संवेदनशील इलाकों और क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। स्थानीय पुलिस की ओर से औचक जांच अभियान और सत्यापन की प्रक्रियाएं चलाई जा रही हैं। सूत्र ने बताया कि सभी जिला इकाइयों को सतर्क रहने, खुफिया एजेंसियों और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ कोऑर्डिनेट करने को कहा गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अधिकारी राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं।




साइन इन