delhi news bjp and aap will compete again over majority in standing committee MCD स्थायी समिति: 9 सदस्य रिटायर, अब बहुमत के अंकगणित पर BJP-आप में छिड़ेगी जंग, Ncr Hindi News - Hindustan
More

MCD स्थायी समिति: 9 सदस्य रिटायर, अब बहुमत के अंकगणित पर BJP-आप में छिड़ेगी जंग

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के 18 में से 9 सदस्य रिटायर हो गए हैं जिनमें भाजपा के 6 और AAP के 3 सदस्य शामिल हैं। अब बहुमत पाने के लिए दोनों पार्टियों में दोबारा मुकाबला होगा। इन रिक्त पदों पर चुनाव अप्रैल के बाद होंगे।

Tue, 31 March 2026 08:15 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, राहुल मानव, नई दिल्ली
share
MCD स्थायी समिति: 9 सदस्य रिटायर, अब बहुमत के अंकगणित पर BJP-आप में छिड़ेगी जंग

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की मंगलवार को हुई बैठक में कुल 18 में से नौ सदस्य रिटायर हो गए। निगम के नियम के मद्देनजर स्थायी समिति की वित्तीय वर्ष की अंतिम बैठक में कुल सदस्यों में से आधे सदस्यों को सेवानिवृत्त किया जाता है। इस प्रशासनिक कार्यवाही के तहत भाजपा के कुल छह सदस्य और आम आदमी पार्टी के कुल तीन सदस्य रिटायर हुए। जिसमें भाजपा के सदन से एक और आप के दो सदस्य, जबकि जोनों की वार्ड समिति में से स्थायी समिति के भाजपा के पांच और आप के एक सदस्य रिटायर हए। अब मौजूदा स्थिति में स्थायी समिति में कुल नौ सदस्य हैं। अब कुल नौ सदस्यों में से भाजपा के पांच और आप के चार सदस्य हैं। इसमें सदन से भाजपा के दो सदस्य और आप के एक सदस्य हैं। जबकि जोनों की वार्ड समिति में भाजपा के तीन सदस्य और आप के तीन सदस्य हैं। अब रिटायर हुए कुल नौ सदस्यों का आगामी समय में चुनाव होगा। यह चुनाव अप्रैल के अंत में महापौर चुनाव संपन्न होने के बाद होगा।

स्थायी समिति के 3 सदस्यों के चुनाव होंगे

निगम के नियम अनुसार, हर वर्ष नए महापौर का चयन सदन में चुनाव के तहत किया जाता है। महापौर के चुनाव के साथ ही स्थायी समिति के खाली हुए 3 सदस्यों के चुनाव भी होंगे। इसके बाद जोनों की वार्ड समिति और जिन जोन की वार्ड समिति में से स्थायी समिति के सदस्यों के पद अब खाली हो गए हैं। उनके साथ में चुनाव होंगे। इस पूरी प्रक्रिया को दो महीने लगेंगे।

मई में स्थायी समिति के खाली पदों पर चुनाव संभव

मई में स्थायी समिति के खाली तीन पदों व वार्ड समिति के चुनाव हो सकते हैं। अब इस स्थिति के बाद स्थायी समिति के बहुमत के अंक गणित को लेकर भाजपा और आप दोनों दलों में प्रतिस्पर्धा नजर आएगी। इसके बाद जून में स्थायी समिति का फिर से गठन होगा। हालांकि, तब तक स्थायी समिति अध्यक्ष पद पर सत्या शर्मा ही रहेंगी।

ऐसे हई प्रशासनिक कार्यवाही

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मंगलवार को दोपहर लगभग 1.30 बजे इस प्रशासनिक कार्यवाही को शुरू किया। इसके बाद निगम सचिव शिव प्रसाद ने कार्यवाही को आगे बढ़ाया। इसमें सहायक सचिव मुकेश कुमार और जितेंद्र कुमार ने कुल 18 सदस्यों के नाम की पर्ची को दोनों दलों के सदस्यों की देखरेख में एक बॉक्स में डाला। पर्ची डालने के बाद पहले सदन से और फिर वार्ड समिति से स्थायी समिति के सदस्यों के रिटायर होने की पर्ची निकाली गई। अध्यक्ष की अध्यक्षता में दो पत्रकारों ने पर्ची निकाली। निगम अधिनियम के नियमों के तहत किसी भी व्यक्ति को भी इस प्रशासनिक कार्यवाही को लेकर पर्ची निकालने के लिए बुलाया जा सकता है।

ये सदस्य हुए रिटायर

स्थायी समिति के भाजपा के सदन से पंकज लूथरा और आप के आमिल मलिक और मोहिनी जीनवाल सेवानिवृत हुए हैं। जबकि जोनों की वार्ड समिति में भाजपा के स्थायी समिति सदस्य केशवपुरम जोन से शिखा भारद्वाज, नरेला जोन से अंजू देवी, नजफगढ़ जोन से इंद्रजीत सहरावत, मध्य जोन से राजपाल सिंह और शाहदरा दक्षिण जोन से नीमा भगत हैं। आप के करोलबाग जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति सदस्य अंकुश नारंग रिटायर हुए हैं।

पहले थी यह स्थिति

- कुल 18 सदस्यों में से भाजपा के 11 और आप के 7 सदस्य थे

अब ये है स्थिति

- कुल 9 सदस्यों में से भाजपा के 5 और आप के 4 सदस्य हैं

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में लगेंगे 4 लाख PNG कनेक्शन, मिशन मोड में होगा काम, निर्देश जारी

अब भाजपा के ये है सदस्य

अब स्थायी समिति में भाजपा के सदन से दो सदस्य और वार्ड समिति से तीन सदस्य मौजूद हैं। इसमें से सदन से सत्या शर्मा और सुंदर सिंह तंवर हैं। इसमें भाजपा के स्थायी समिति के सिविल लाइंस जोन वार्ड समिति से सदस्य राजा इकबाल सिंह, शाहदरा उत्तरी जोन वार्ड समिति से सत्यपाल सिंह और दक्षिण जोन वार्ड समिति से जगमोहन मेहलावत हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नेहरू प्लेस से हटाए जाएंगे अवैध वेंडर; दिल्ली HC का आदेश, कहा- यह नो-वेंडिंग जोन

अब आम आदमी पार्टी के ये हैं सदस्य

आम आदमी पार्टी के सदन से रमिंद्र कौर हैं। जबकि आप के वार्ड समिति के स्थायी समिति के तीन सदस्य रह गए हैं। इसमें रोहिणी जोन वार्ड समिति से दौलत पवार, पश्चिम जोन वार्ड समिति से प्रवीण कुमार और सिटी सदर पहाड़गंज जोन वार्ड समिति से राफिया माहिर हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी के साथ हुई बारिश; आगे भी मौसम की आंखमिचौली
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।