दिल्ली में 250 MCD श्री स्कूल को विकसित कर बनाया जाएगा स्मार्ट, क्या है प्लान?
एमसीडी अगले एक साल में 250 'निगम श्री' स्कूलों को विकसित कर के स्मार्ट बनाएगा। इन स्कूलों में क्लासरूम और आधुनिक सुविधाएं होंगी। पहले चरण में 2026-27 सत्र के लिए 24 स्कूल चुने गए हैं।

दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी के प्राथमिक स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, अपग्रेड स्मार्ट क्लासरूम, बोर्ड समेत कई आधुनिक बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा। इसके लिए निगम के 250 प्राथमिक विद्यालयों को अगले एक वर्ष में विकसित करने की योजना है। इस संबंध में निगम की शिक्षा समिति की बुधवार को बैठक में यह फैसला लिया गया। इस बैठक में निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी, अतिरिक्त आयुक्त संजीव मित्तल, निगम के शिक्षा विभाग के निदेशक निखिल तिवारी, शिक्षा समिति के सदस्य व शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हर वार्ड में निगम श्री स्कूल विकसित किए जाएंगे
अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि अगले एक वर्ष में प्रत्येक वार्ड में निगम श्री स्कूल को तैयार करेंगे। इसके तहत 250 वार्डों में 250 निगम श्री स्कूल बनाए जाएंगे। निगम के मौजूदा स्कूलों को अपग्रेड कर निगम श्री स्कूल में विकसित किया जाएगा। इसमें पहले चरण के मद्देनजर आगामी 2026-27 शैक्षणिक सत्र में 24 निगम प्राथमिक विद्यालयों को निगम श्री स्कूल में विकसित किया जाएगा।
योजना को दी गई मंजूरी
पीएम श्री व सीएम श्री स्कूलों की तर्ज पर निगम श्री स्कूलों को तैयार को सीएसआर निधि व अन्य माध्यम से विकसित किया जाएगा। शिक्षा समिति की बैठक में इस योजना को स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों की मरम्मत, शौचालयों के रखरखाव व अन्य आवश्यक सुधार कार्यों के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। जिससे स्कूलों का समग्र वातावरण बेहतर बनाया जा सके।
नए सत्र में शुरू होंगे निगम श्री स्कूल में दाखिले
योगेश वर्मा ने बताया कि सभी 12 जोन में दो निगम प्राथमिक विद्यालयों को पहले चरण में निगम श्री स्कूल के तहत तैयार करेंगे। आगामी अप्रैल में शुरू हो रहे नए शैक्षणिक सत्र से छात्रों का इन स्कूलों में दाखिला होगा।
निगम श्री स्कूलों में मिलेंगी यह सुविधाएं
योगेश वर्मा ने बताया कि निगम श्री स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जिसमें सभी कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड, बेहतर आधारभूत संरचना, स्वच्छ व व्यवस्थित शौचालय, डिजिटल लर्निंग, समृद्ध पुस्तकालय, उन्नत शैक्षणिक सुविधाएं, स्वच्छ जल व स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा, बेहतर फर्नीचर, बेहतर कक्षा वातावरण, खेल गतिविधियां, हरित आधारभूत संरचना व सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन करने वालों को आगे पदोन्नति करेंगे
योगेश वर्मा ने बताया कि निगम श्री स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों को दो कक्षाओं में विभाजित करेंगे। शिक्षा, खेल, कौशल शिक्षण, सांस्कृतिक तौर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को कक्षाओं में शामिल करेंगे। वार्षिक परिणाम में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आगे पदोन्नति प्रदान होगी। इसके तहत राज्य सरकार के स्कूलों में इन उत्कृष्ट परिणाम लाने वाले छात्रों को दाखिला दिलवाएंगे।
मिड डे मिल पर लापरवाही बरतने में कार्रवाई होगी
बैठक में लिए गए फैसलों को लेकर उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी ने बताया कि मिड डे मील योजना की गुणवत्ता की बैठक में समीक्षा की गई। मिड डे मील में लापरवाही बरतने वाले गैर-सरकारी संगठनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा समिति की बैठक में यह भी फैसला लिया गया है।




साइन इन