दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, बूंदाबांदी से राहत; IMD ने येलो अलर्ट जारी किया
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी सहित एनसीआर के कई शहरों में सुबह में बूंदाबादी हुई। मौसम विभाग ने कई इलाकों में दिन के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान लगाते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी सहित एनसीआर के कई शहरों में सुबह में बूंदाबादी हुई। मौसम विभाग ने कई इलाकों में दिन के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान लगाते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
शुक्रवार सुबह के समय दिल्ली में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों, मध्य दिल्ली, शाहदरा, पूर्वी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली जैसे इलाकों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बारिश होने की संभावना है। लोगों को मौसम की जानकारी से अपडेट रहने की सलाह दी है। विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मार्च में चल रहा असामान्य मौसम का यह दौर उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले 'पश्चिमी विक्षोभ' की एक श्रृंखला से जुड़ा है। ये विक्षोभ 15 मार्च से ही इस क्षेत्र को प्रभावित कर रहे हैं और सामान्य से कम ऊंचाई पर आगे बढ़ रहे हैं। इसका असर दिल्ली के मौसम के मिजाज पर पड़ रहा है।
तापमान पर कोई खास असर नहीं
अधिकारियों ने बताया कि इसके परिणामस्वरूप शहर के कुछ अलग-अलग हिस्सों में दिन के समय तेज़ हवाएं, हल्की बारिश और हल्के धूल भरे तूफ़ान आ सकते हैं। हालांकि, मौजूदा मौसम की गतिविधियों का तापमान पर कोई खास असर पड़ने की संभावना नहीं है।
फरीदाबाद में भी बारिश
उधर, स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में शुक्रवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। बदलते मौसम के इस मिजाज ने शहर के तापमान में गिरावट दर्ज कराई और वातावरण को खुशनुमा बना दिया। शहर के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी देखने को मिली। खासकर बल्लभगढ़ क्षेत्र में अंबेडकर चौक के आसपास करीब आधे घंटे तक अच्छी बारिश हुई।
नोएडा और गाजियाबाद में भी हल्की बूंदाबांदी
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के चलते अधिकतम तापमान घटकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में भी हल्की बूंदाबांदी हुई है।
AQI मध्यम श्रेणी में
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार की सुबह सामान्य से अधिक गर्म रही, क्योंकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.5 डिग्री अधिक है। वहीं, शुक्रवार सुबह 9 बजे 148 के स्तर के साथ AQI मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।




साइन इन