दिल्ली में आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट, पारा 3 डिग्री तक लुढ़केगा
Delhi-NCR Weather: मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली के लिए तेज हवा के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। दोपहर बाद बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए आज येलो अलर्ट जारी किया है।

Delhi-NCR Weather: दिल्ली में सोमवार को एक बार फिर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले लगभग एक सप्ताह तक राजधानी में तेज धूप की संभावना कम है। राजधानी में रविवार को ज्यादातर इलाकों में बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, तापमान में गिरावट लोगों को राहत दे रही है, हालांकि छह मई के बाद गर्मी फिर बढ़ सकती है। सफदरजंग में रविवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा, यह सामान्य से 0.1 डिग्री कम है। पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर में भी तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री तक नीचे रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर के बाद हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले लगभग एक सप्ताह तक राजधानी में तेज धूप की संभावना कम है।
कई राज्यों में बारिश-आंधी और ओलावृष्टि
उत्तर भारत के कई राज्यों में रविवार को बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, पंजाब में कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का यही दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तराखंड में रविवार सुबह तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी ने जनजीवन प्रभावित किया। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने से सड़कें बाधित हुईं और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। प्रशासन ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी है।
यूपी में लू नहीं चली
उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्से में पांच सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राज्य में दिन का तापमान सामान्य से 5-7 डिग्री नीचे रहा और कहीं भी लू की स्थिति नहीं बनी। सुल्तानपुर में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया।
हिमाचल में आंधी-तूफान के आसार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि धर्मशाला में ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए चार मई को तथा मंडी और शिमला के लिए पांच मई को आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के फलोदी में 44.8 डिग्री पारा
राजस्थान के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। फलोदी में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री, श्रीगंगानगर और जैसलमेर में 42.8 डिग्री रहा।




साइन इन