दिल्ली मेट्रो का महाविस्तार; फेज 5B में 7 नए कॉरिडोर, 65 स्टेशनों का होगा निर्माण
दिल्ली मेट्रो के फेज 5B में 7 नए कॉरिडोर बनेंगे। लगभग 97 किलोमीटर लंबे इस विस्तार में 65 नए स्टेशन और 21 इंटरचेंज होंगे, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

दिल्ली मेट्रो का एक बड़ा विस्तार होने जा रहा है। दिल्ली में फेज 5 बी में 48,204.56 करोड़ रुपये की लागत से सात नए कॉरिडोर बनेंगे। जिसकी लंबाई 97.158 किलोमीटर होगी और 65 नए स्टेशन बनेंगे। जिसमें से 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे। इससे दिल्ली में मेट्रो का विस्तार होगा और दूर दराज के इलाकों में भी मेट्रो से आवागमन की सुविधा बढ़ेगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के 32वें स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसकी घोषणा की।इनमें से चार कॉरिडोर प्रमुखता के आधार पर 2029 तक बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेष तीन कॉरिडोरों को बाद में चरणबद्ध तरीके से लिया जाएगा। DMRC को सभी सातों कॉरिडोर का संशोधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करे सरकार के पास प्रस्तुत करने निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि इन सातों कॉरिडोर को अभी दिल्ली सरकार व केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल से स्वीकृति मिलना बाकी है। डीएमआरसी द्वारा संशोधित डीपीआर सौंपे जाने के बाद स्वीकृति से संबंधित आगे की कार्रवाई शुरू होगी।
ये बनेंगे कॉरिडोर
पहला: ढांसा बस स्टैंड नजफगढ़-नांगलोई
ढांसा बस स्टैंड नजफगढ़ से नांगलोई तक 11.859 किलोमीटर का एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा। इस पर नौ स्टेशन हाेंगे। जिसमें नरेश पार्क एक्सटेंशन, रणहौला, बक्करवाला, बापरोला, दिचाऊं कलां और नजफगढ़ एक्सटेंशन शामिल होगा। इस कॉरिडोर पर नांगलोई ग्रीन लाइन के साथ और ढांसा बस स्टैंड ग्रे लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन होंगे।
दूसरा: केंद्रीय सचिवालय-किशनगढ़
केंद्रीय सचिवालय से किशनगढ़ के बीच 15.969 किलोमीटर का काॅरिडोर बनेगा। इसका 13.721 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत और 2.248 किलोमीटर एलिवेटेड होगा। इसके 10 स्टेशन में से नौ भूमिगत और एक एलिवेटेड स्टेशन होंगा। इससे न्यू मोती बाग की जीपीआरए कॉलोनियां, आरके पुरम सेक्टर-एक और सेक्टर सात, जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मेट्रो से जुड़ जाएंगे। इस पर केंद्रीय सचिवालय, मोती बाग, आरके पुरम और किशनगढ़ इंटरचेंज स्टेशन होंगे।
तीसरा: समयपुर बादली-नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
समयपुर बादली से नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक 12.89 किलोमीटर का एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा, जो यलो लाइन की विस्तार परियोजना होगी। इस पर आठ स्टेशन होंगे। इससे सिरसपुर, खेड़ा कलां, होलंबी कलां, अलीपुर, शाहपुर गढ़ी और डीएसआईआईडीसी नरेला जैसे क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। सिरसपुर व नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इंटरचेंज स्टेशन होंगे।
चौथा: कीर्ति नगर-पालम कॉरिडोर
कीर्ति नगर से पालम तक 9.967 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनेगा। इसका 8.397 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत और 1.57 किलोमीटर एलिवेटेड हिस्सा होगा। इसके छह स्टेशनों में से पांच भूमिगत और एक एलिवेटेड स्टेशन होगा। सरस्वती गार्डन, मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज ती, आईआईटीएम जनकपुरी और सागरपुर जैसे क्षेत्रों इस कॉरिडोर से जुड़ जाएंगे। इस कॉरिडोर पर मायापुरी और पालम इंटरचेंज स्टेशन होगा।
5वां: जोर बाग-मिठापुर कॉरिडोर
जोर बाग से मिठापुर तक 16.991 किलोमीटर लंबा एक नया कॉरिडोर बनेगा। जिसका 12.275 किलोमीटर भूमिगत और 4.716 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा और 12 स्टेशन होंगे। जिनमें सात भूमिगत और पांच एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इसके बनने से लोधी कॉलोनी, ओल्ड ईश्वर नगर, आली गांव, जैतपुर, मोलडबंद और मिठापुर जैसे इलाके में मेट्रो पहुंच जाएगी। इस कॉरिडोर पर जोर बाग, लाजपत नगर, एनएसआईसी ओखला, जसोला अपोलो और मदनपुर खादर इंटरचेंज स्टेशन होगा।
छठा: शास्त्री पार्क-मयूर विहार फेज 3
शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज तीन के बीच 13.197 किलोमीटर का कारिडोर बनेगा। जिसमें 8.99 किलोमीटर भूमिगत और 4.207 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा। इस पर प्रस्तावित आठ स्टेशन में से तीन भूमिगत और पांच एलिवेटेड होंगे। इसके बनने से न्यू कोंडली, मदर डेयरी पटपड़गंज, गीता कॉलोनी, गांधी नगर मार्केट व कैलाश नगर मेट्रो से जुड़ जाएगा। इस कॉरिडोर पर शास्त्री पार्क, निर्माण विहार व त्रिलोकपुरी इंटरचेंज स्टेशन होंगे।
7वां: केशवपुरम-रोहिणी सेक्टर-34
केशवपुरम से रोहिणी सेक्टर-34 तक 16.285 किलोमीटर का एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा। इस पर कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। वेस्ट शालीमार बाग, ईस्ट पीतमपुरा, रोहिणी सेक्टर-16, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) और रोहिणी सेक्टर-29 जैसे क्षेत्रों को यह काॅरिडोर मेट्रो से जोड़ेगा। इस पर केशवपुरम, उत्तरी पीतमपुरा व रोहिणी सेक्टर-34 इंटरचेंज स्टेशन होंगे।




साइन इन