दिल्ली-NCR में आज भी आंधी बारिश का अलर्ट; आगे 2 दिन फिर तेज हवा के साथ बौछारें
Delhi Weather: दिल्ली और एनसीआर में सोमवार को हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

दिल्ली के साथ ही एनसीआर में अधिकांश जगहों पर सोमवार को तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। इसके चलते मौसम सुहावना हो गया और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी दिल्ली-एनसीआर में तेज हवा और गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद दो दिन बारिश नहीं होगी लेकिन फिर मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने आगे भी दो दिन आंधी और बारिश के संकेत दिए हैं।
आज भी आंधी और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर में अगले 24 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और शाम के समय आंधी, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। आंधी चलने और मौसम खराब रहने के दौरान हवा की स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
पहली और 2 अप्रैल को नहीं होगी बारिश
इसके बाद पहली और दो अप्रैल को दिल्ली-NCR में बारिश तो नहीं होगी लेकिन छिटपुट आंशिक रूप से बादल नजर आ सकते हैं। मौसम विभाग की मानें तो पहली अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री जबकि दो अप्रैल को इसके 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोनों ही दिन दोपहर के वक्त हवा की स्पीड 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
40 की स्पीड से चलेंगी हवाएं, 3 अप्रैल को भी बारिश
इसके बाद तीन अप्रैल को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। इस दिन दोपहर या शाम के समय गरज चमक के साथ बहुत हल्की बारिश की संभावना है। इस दिन 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इनकी स्पीड बढ़कर 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के साथ ही एनसीआर में चार अप्रैल को भी मौसम कमोबेश ऐसा ही रहेगा।
4 अप्रैल को तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 4 अप्रैल को दिल्ली के साथ एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दिन हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। मौसम खराब रहने के दौरान हवा की स्पीड बढ़कर 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। दिल्ली में 3 अप्रैल को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री जबकि 4 अप्रैल को इसके 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





साइन इन