दिल्ली में फरवरी में ही गर्मी के तेवर, बारिश का अलर्ट; कितनी राहत की उम्मीद?
दिल्ली में फरवरी के शुरुआती 15 दिन सामान्य से काफी गर्म रहे और औसत अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 18 फरवरी के आसपास हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। जाने बारिश कितनी देगी राहत?

Delhi Mausam: दिल्ली में फरवरी का पहला पखवाड़ा (1-15) सामान्य से अधिक गर्म रहा जहां औसत अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली के साथ ही एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है लेकिन इससे गर्मी में विशेष कमी नहीं आएगी। हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के बावजूद दिल्ली-एनसीआर के गर्म रहने का अनुमान है। फरवरी के अंत तक गर्मी की दस्तक महसूस किए जाने का अनुमान है।
दिल्ली के दिन के तापमान में बढ़ोतरी
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो साल के इस समय के लिए सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सीजन के औसत से 0.1 डिग्री अधिक था। सोमवार और मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो पाते हैं कि दिल्ली के दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 25.05 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। ऐसा लगता है कि दिल्ली में गर्मी मार्च के महीने जैसा अहसास करा रही है।
दिल्ली में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 फरवरी यानी मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली एनसीआर में दोपहर या शाम तक आसमान में हल्के बादल नजर आने लगेंगे। दिल्ली एनसीआर में बुधवार यानी 18 फरवरी को दिल्ली एनसीआर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखी जा सकती है लेकिन इससे ज्यादा राहत की उम्मीद नहीं है। इस बारिश से दिल्ली में अधिकतम तापमान में अधिक गिरावट की संभावना नहीं है। दिल्ली में वीकेंड तक अधिकतम तापमान के 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।
बारिश से ज्यादा नहीं उम्मीद
स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत ने कहा कि संभावित बूंदाबांदी से टेम्परेचर में थोड़ी गिरावट आ सकती है लेकिन यह महज 1 से 2 तक ही रह सकती है। दिल्ली में 22 फरवरी के बाद अधिकतम तापमान के फिर से बढ़ने की उम्मीद है।
क्या कहते हैं आकड़े?
IMD के एक अधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली के अधिकांश हिस्सों के साथ हिमालयी क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा है। आंकड़े बताते हैं कि फरवरी के आखिर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाता है। पिछले साल यह 26 फरवरी को यह 32.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 2024 में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 19 फरवरी को 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। 21 फरवरी 2023 में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री था।
कितना रहेगा तापमान?
दिल्ली में 17 फरवरी यानी मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। इसके बाद 18 से लेकर 22 फरवरी तक दिल्ली में अधिकतम तापमान के 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। तापमान में बढ़ोतरी के मौजूदा ट्रेंड संकेत देता है कि फरवरी के अंत तक यह 30 डिग्री सेल्सियस को पार भी कर सकता है।
न्यूनतम तापमान में क्या अपडेट?
न्यूनतम तापमान की बात करें तो दिल्ली में रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1°C रिकॉर्ड किया गया जो साल के इस समय के लिए सामान्य है। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री जबकि बुधवार को इसके 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। दिल्ली में 19 से लेकर 22 फरवरी तक न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर में 19 फरवरी से आसमान साफ रहेगा।





साइन इन