If answer is yes, perhaps I survive, posting status on birthday, man in Delhi commits suicide उसका जवाब हां आ जाए, तो शायद मैं बच जाऊं; बर्थडे पर वॉट्सएप स्टेटस लगा दिल्ली में युवक ने दे दी जान, Ncr Hindi News - Hindustan
More

उसका जवाब हां आ जाए, तो शायद मैं बच जाऊं; बर्थडे पर वॉट्सएप स्टेटस लगा दिल्ली में युवक ने दे दी जान

मंगेतर के किसी और लड़के के साथ चले जाने की वजह से अंकित अवसाद में चला गया था। मौत से एक दिन पहले भी उसकी उस लड़की से बात हुई थी, जिसके बाद वह काफी परेशान लग रहा था। आत्महत्या करने से कुछ देर पहले भी उसने अपने दर्द को वॉट्सएप स्टेटस के जरिए जाहिर किया था।

Fri, 3 April 2026 08:56 PMSourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, रजनीश पांडे, नई दिल्ली
share
उसका जवाब हां आ जाए, तो शायद मैं बच जाऊं; बर्थडे पर वॉट्सएप स्टेटस लगा दिल्ली में युवक ने दे दी जान

दिल्ली के जगतपुरी इलाके में एक युवक ने अपनी मंगेतर के धोखे से दुखी होकर अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। खास बात यह है कि गुरुवार की रात जब उसने यह कदम उठाया, तो वह अपना जन्मदिन मना रहा था। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अंकित तिवारी के रूप में हुई है। सुसाइड को लेकर जो वजह सामने आई है, उसके अनुसार जिस लड़की के साथ उसने सात फेरे लेने के सपने देखे थे, उसने किसी और का हाथ थाम लिया था। जिसके बाद अंकित इस सदमे को सहन नहीं कर सका। पुलिस ने इस मामले की आगे जांच की बात कही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक अंकित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हमीरपुर का रहने वाला था और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह फिलहाल दिल्ली के जगतपुरी में रह रहा था। अंकित के परिवार में उसके माता-पिता और एक भाई हैं और पूरे परिवार ने मिलकर ही उसकी शादी तय की थी।

दो महीने पहले ही हुई थी सगाई, चल रही थी शादी की तैयारी

परिजनों ने बताया कि, दो महीने पहले बड़े उत्साह के साथ अंकित की सगाई (रोका) की गई थी और फिलहाल घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन दो-तीन दिन पहले अंकित के पैरों तले दुनिया उस वक्त खिसक गई, जब उसे पता चला कि उसकी मंगेतर ने किसी और लड़के के साथ भागकर शादी कर ली है।

इस खबर ने अंकित का मनोबल तोड़ दिया और इसी सदमे की वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। ऐसे में पूरा परिवार जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजने का इंतजार कर रहा था, उसी बेटे की मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया। बेटे का शव देखने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मंगेतर के धोखे से डिप्रेशन में था अंकित

मंगेतर के किसी और लड़के के साथ चले जाने की खबर की वजह से अंकित अवसाद में चला गया था। मौत से एक दिन पहले भी उसकी उस लड़की से बात हुई थी, जिसके बाद वह काफी परेशान लग रहा था। आत्महत्या करने से कुछ देर पहले भी उसने अपने दर्द को वॉट्सऐप स्टेटस के जरिए जाहिर किया था।

उसका जवाब हां आ जाए, तो शायद मैं बच जाऊं; बर्थडे पर स्टेटस लगा युवक ने दे दी जान

मरने से पहले लिखा, ‘मैं चला अपनी जिंदगी छोड़कर’

गुरुवार रात करीब 10.20 बजे लगाए अपने पहले स्टेटस में उसने लिखा कि 'प्लीज मुझे कोई कॉल या मैसेज मत करो, मैं मर गया हूं सबके लिए... गुडबाय जिंदगी।' कुछ देर बाद 10.27 बजे लगाए दूसरे स्टेटस में अंकित ने लिखा था, 'जिसने भी जिसका साथ दिया, मुझे परवाह नहीं, मैं चला अपनी जिंदगी छोड़कर, पल्लवी (बदला हुआ नाम) को खुश रखना। बस मेरी यही दुआ है। गुडबाय सभी को। अंकित पंडित अब इस दुनिया में नहीं है।'

‘इस नंबर पर मना लो, जिसे मनाना है’

इसके बाद लड़की का मोबाइल नंबर लिखते हुए उसने आगे कहा, 'इस नंबर पर मना लो, जिसे मनाना है, अगर इसका ‘हां’ का जवाब आता है, तो शायद मैं बच जाऊं, वरना नहीं।' इसके बाद गुरुवार रात करीब 10:30 बजे के आसपास उसने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।