दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का DND टू जैतपुर तक 9 KM हिस्सा तैयार, यहां होंगे एंट्री-एग्जिट; पूरे NCR की मौज
Delhi-Mumbai Expressway : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जैतपुर तक खंड के निर्माण में 1836 करोड़ रुपये की लागत आई है। यह सराय काले खां के पास डीएनडी फ्लाईवे से शुरू होता है। अगले माह इसे वाहनों के लिए खोले जाने की संभावना है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi-Mumbai Expressway) का डीएनडी फ्लाईवे से जैतपुर तक 9 किलोमीटर का हिस्सा लगभग बनकर तैयार है। अगले माह इसे वाहनों के लिए खोले जाने की संभावना है। इसके खुलने से पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, मध्य एवं नई दिल्ली के साथ गाजियाबाद और नोएडा के लोगों का फरीदाबाद, पलवल, सोहना जाना सुगम हो जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसे परखने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को एक्सप्रेसवे के इस हिस्से का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद इस खंड के उद्घाटन के लिए प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा।
एक्सप्रेसवे पर कहां से होंगे एंट्री-एग्जिट
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जैतपुर तक खंड के निर्माण में 1836 करोड़ रुपये की लागत आई है। यह सराय काले खां के पास डीएनडी फ्लाईवे से शुरू होता है। यहां से इस पर चढ़ने के दो रास्ते हैं। एक प्रवेश डीएनडी फ्लाईवे के पूर्वी दिल्ली और नोएडा से आश्रम की ओर आ रहे कैरिजवे पर है। दूसरा प्रवेश रिंग रोड से आश्रम जाने वाले कैरिजवे पर बना है। इसके बाद मीठापुर के पास एनटीपीसी ईको पार्क के पास उतरने और चढ़ने का रास्ता है। इससे आगे केएमपी के रास्ते फरीदाबाद और सोहना होते जयपुर तक जा सकते हैं। इसी तरह एक्सप्रेसवे से दिल्ली आने वालों के लिए तैमूर नगर के पास एक रास्ता आश्रम रिंग रोड, दूसरा आश्रम फ्लाईओवर और तीसरा सराय काले खां रिंग पर उतरता है।
डिजाइन में करना पड़ा बदलाव
इस खंड को पिछले वर्ष सितंबर तक बनकर तैयार होना था, लेकिन आगरा कैनाल में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से पिलर बनाने की अनुमति न मिलने के कारण इसका डिजाइन बदलना पड़ा। सिंचाई विभाग का मानना था कि पिलर से कैनाल का प्रवाह प्रभावित हो सकता है। इस बदलाव के तहत बिना पिलर के 130 मीटर का स्टील का आर्च ब्रिज बनाकर एक्सप्रेसवे को पूरा करने का निर्णय किया गया, जिसकी वजह से इसकी लागत भी बढ़ी। इस बदलाव के बाद जून 2026 इसे पूरा करने की नई समय सीमा तय की गई थी। इस समय सीमा से पहले एक्सप्रेसवे का यह खंड बनाकर लगभग तैयार कर दिया गया है। स्ट्रीट लाइटें लग गई हैं, मार्किंग हो गई है। कैमरे लगने बाकी हैं। आर्च ब्रिज पर सड़क बनाने का काम पूरा होने वाला है।
1380 किलोमीटर लंबा होगा
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली से मुंबई तक 1380 किलोमीटर का बनना है। यह हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात के वडोदरा होते हुए मुंबई पहुंचेगा। कई खंडों में इसका निर्माण चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद दिल्ली से मुंबई तक की यात्रा 12 घंटे में पूरी हो जाएगी। वहीं, जयपुर तक पहुंचने में मात्र ढाई घंटे का समय लगेगा।




साइन इन