केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर जुड़ेंगी तीन लाइन, दिल्ली मेट्रो के फेज 5A को मंजूरी
दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए को मंजूरी मिलने से केंद्रीय सचिवालय स्टेशन अब ट्रिपल इंटरचेंज बनेगा, जिससे मजेंटा लाइन सीधे जुड़ने से दो लाख यात्रियों और हजारों कर्मचारियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा।

राजधानी दिल्ली में मेट्रो के विस्तार की योजनाएं तेजी से चल रही हैं। इसी कड़ी में फेज-5ए को मंजूरी मिलने के बाद केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को भी ट्रिपल इंटरचेंज के रूप में विकसित किया जाएगा। ट्रिपल इंटरचेंज बन जाने से यहां करीब दो लाख यात्रियों के साथ-साथ तकरीबन 60 हजार सरकारी कर्मचारियों को भी फायदा होगा। डीएमआरसी ने बताया कि केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर फिलहाल येलो लाइन और वायलेट लाइन मेट्रो का इंटरचेंज हैं।
मजेंटा लाइन का होगा विस्तार
मजेंटा लाइन से आने वाले यात्रियों को यात्रा पूरी करने के लिए बीच में मेट्रो बदलनी पड़ती है। अब मेट्रो के फेज-5ए में आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत मजेंटा लाइन को विस्तार दिया जाएगा। इस फेज के पूरा होने पर मजेंटा लाइन की मेट्रो ट्रेन भी केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर रुकेंगी। यानी दो की बजाय इस स्टेशन पर तीन अलग-अलग मेट्रो कॉरिडोर का संगम होगा।
निजी वाहनों के इस्तेमाल में आएगी कमी
डीएमआरसी का कहना है कि इंटरचेंज स्टेशन महत्वपूर्ण स्थलों पर बनाए जाते हैं। इनके बनने से इन महत्वपूर्ण स्थलों तक सार्वजनिक परिवहन से पहुंचना लोगों के लिए आसान हो जाता है। केंद्रीय सचिवालय स्टेशन के आसपास बड़ी संख्या में सरकारी दफ्तर हैं, जहां हजारों की संख्या में लोग निजी वाहनों से ड्यूटी पर पहुंचते हैं। मजेंटा लाइन के इस स्टेशन से जुड़ जाने से निजी वाहनों के उपयोग में कमी आने की संभावना है, जिससे प्रदूषण भी घटेगा। साथ ही आने-जाने में भी सहूलियत होगी।
मेट्रो फेज-4 में भी कई ट्रिपल इंटरचेंज शुरू किए जाएंगे
डीएमआरसी का कहना है कि मेट्रो फेज-4 के तीन प्रोजेक्ट लगभग तैयार हो चुके हैं, बाकि तीन पर काम चल रहा है। डीएमआरसी ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में 29 इंटरचेंज स्टेशन हैं। फेज-4 के पूर्ण होने पर यह संख्या बढ़कर 43 हो जाएगी और फेज-5ए के साथ कुल इंटरचेंज स्टेशनों की संख्या 46 हो जाएगी।
फेज-4 के प्रमुख ट्रिपल इंटरचेंज
- आजादपुर: येलो, पिंक और मजेंटा लाइन
- नई दिल्ली: येलो, एयरपोर्ट एक्सप्रेस और मजेंटा लाइन
- लाजपत नगर: वायलेट, पिंक और गोल्डन लाइन
- इंद्रलोक: रेड, ग्रीन और मजेंटा लाइन




साइन इन