साउथ दिल्ली से एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 जाना होगा आसान, एरोसिटी बनेगा बड़ा ट्रिपल इंटरचेंज हब
दिल्ली मेट्रो के फेज-4 में एरोसिटी स्टेशन गोल्डन लाइन, एयरपोर्ट एक्सप्रेस और नमो भारत के साथ ट्रिपल इंटरचेंज हब बनेगा। इससे तुगलकाबाद और खानपुर के यात्रियों को सीधे एयरपोर्ट तक बेहतरीन कनेक्टिविटी मिलेगी।

फेज चार में निर्माणाधीन गोल्डन लाइन (तुगलकाबाद-एरोसिटी) कॉरिडोर बनकर तैयार होते ही एरोसिटी दिल्ली मेट्रो का एक प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन बन जाएगा। यह गोल्डन लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन होगा।
एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा आसान
गोल्डन लाइन पर मेट्रो का परिचालन शुरू होने पर तुगलकाबाद, अंबेडकर नगर, खानपुर आदि क्षेत्रों के यात्री एरोसिटी में मेट्रो बदलकर आईजीआई टर्मिनल तीन तक आसानी से पहुंच सकेंगे। आगे चलकर एरोसिटी में नमो भारत का भी स्टेशन बनेगा। इसलिए एरोसिटी कुछ वर्षों में ट्रिपल इंटरचेंज हब स्टेशन के रूप में विकसित होगा। मौजूदा समय में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर एरोसिटी मेट्रो स्टेशन है। फेज चार में तुगलकाबाद से एरोसिटी के बीच 23.622 किलोमीटर लंबी गोल्डन लाइन का निर्माण चल रहा है। इसका निर्माण इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है।
एरोसिटी में बन रहा बड़ा स्टेशन
इस कॉरिडोर पर एरोसिटी में नया भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनाया जा रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रधान अधिशासी निदेशक (जनसंपर्क) अनुज दयाल ने बताया कि निर्माणाधीन एरोसिटी स्टेशन सामान्य इंटरचेंज स्टेशनों की तुलना में बड़ा होगा। इसकी लंबाई करीब 290 मीटर होगी। सामान्य तौर पर इंटरचेंज स्टेशन की लंबाई करीब 260 मीटर होती है। यह बनकर तैयार होने पर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन व गोल्डन लाइन के बीच प्लेटफॉर्म से प्लेटफॉर्म और कॉनकोर्स से कानकोर्स की कनेक्टिविटी मिलेगी। नए स्टेशन का प्लेटफॉर्म सतह से 22 मीटर की गहराई में बनाया जा रहा है।
दिल्ली-अलवर कॉरिडोर भी गुजरेगा
एनसीआरटीसी का दिल्ली-अलवर कॉरिडोर भी एरोसिटी से होकर गुजरेगा। इसलिए इस कॉरिडोर पर भी एरोसिटी में स्टेशन बनेगा। डीएमआरसी का कहना है कि गोल्डन लाइन का स्टेशन व एनसीआरटीसी का प्रस्तावित कॉरिडोर एरोसिटी में एक दूसरे को तिरछी दिशा में क्रॉस करेंगे। इसलिए आवश्यक ढांचागत प्रावधान पहले से ही स्टेशन में शामिल किए जाएंगे।
एयरपोर्ट टर्मिनल एक भी बनेगा इंटरचेंज
हाल ही में केंद्र सरकार ने निर्माणाधीन गोल्डन लाइन का एरोसिटी से एयरपोर्ट टर्मिनल-एक तक विस्तार करने की स्वीकृति दी है। यह कॉरिडोर बनकर तैयार होने पर एयरपोर्ट टर्मिनल एक वर्तमान मजेंटा लाइन (बोटेनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन) के साथ इंटरचेंज स्टेशन होगा। तब तब गोल्डन लाइन के दक्षिणी दिल्ली में स्थित स्टेशनों से एयरपोर्ट टर्मिनल एक के लिए सीधी मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी।




साइन इन