Not a single drop of water should be wasted CM Rekha Gupta strict on water supply in Delhi पानी की एक बूंद भी बर्बाद नहीं होनी चाहिए, दिल्ली में पानी सप्लाई पर CM रेखा गुप्ता सख्त, Ncr Hindi News - Hindustan
More

पानी की एक बूंद भी बर्बाद नहीं होनी चाहिए, दिल्ली में पानी सप्लाई पर CM रेखा गुप्ता सख्त

मुख्यमंत्री के मुताबिक भीषण गर्मी के चलते पैदा जल संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए हरियाणा द्वारा मुनक नहर के माध्यम से न्यूनतम 1000 क्यूसेक पानी सप्लाई बनाए रखने का आश्वासन दिया गया है और 980 से अधिक टैंकर और 6,000 से ज्यादा दैनिक ट्रिप के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

Sat, 30 May 2026 07:35 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
पानी की एक बूंद भी बर्बाद नहीं होनी चाहिए, दिल्ली में पानी सप्लाई पर CM रेखा गुप्ता सख्त

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार राजधानी के हर नागरिक तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। सरकार तुरंत राहत उपायों के साथ-साथ लॉन्गटर्म समाधान पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति को स्थाई रूप से नियंत्रित किया जा सके। मुख्यमंत्री के मुताबिक भीषण गर्मी के चलते पैदा जल संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए हरियाणा द्वारा मुनक नहर के माध्यम से न्यूनतम 1000 क्यूसेक पानी सप्लाई बनाए रखने का आश्वासन दिया गया है और 980 से अधिक टैंकर और 6,000 से ज्यादा दैनिक ट्रिप के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

इस मसले को लेकर मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री सेवा सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राजधानी की पेयजल संबंधी चुनौतियों और पानी सप्लाई की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय, सदस्य श्री अजय महावर, मुख्य सचिव श्री राजीव वर्मा, दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विजय बिधूड़ी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हरियाणा से अतिरिक्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि यमुना में वजीराबाद के निकट जल उपलब्धता प्रभावित होने के कारण आपूर्ति पर दबाव बना है। इस संबंध में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से बातचीत की, जिसके परिणामस्वरूप हरियाणा सरकार ने मुनक नहर के माध्यम से दिल्ली को न्यूनतम 1,000 क्यूसेक जल आपूर्ति बनाए रखने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के हितों की रक्षा और पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

980 से ज्यादा टैंकर और 6,000 से ज्यादा दैनिक ट्रिप से राहत

मुख्यमंत्री को बताया गया कि वर्तमान स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली जल बोर्ड के 980 से अधिक जल टैंकर प्रतिदिन 6,000 से अधिक ट्रिप संचालित कर रहे हैं। घनी आबादी और संकरी गलियों वाले क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए छोटे टैंकर भी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त यमुना खादर क्षेत्र में अतिरिक्त बोरवेल स्थापित कर प्रतिदिन 10.5 एमजीडी जल उत्पादन क्षमता बढ़ाई गई है।

शिकायत निवारण और लीकेज रोकने के सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पानी लीकेज की हर घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल की एक-एक बूंद बहुमूल्य है और किसी भी प्रकार की बर्बादी स्वीकार्य नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी हर प्राप्त होने वाली शिकायतों की व्यक्तिगत निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर खुद क्षेत्र में जाकर स्थिति का सत्यापन करें। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले एक सप्ताह में दिल्ली जल बोर्ड हेल्पलाइन पर 11,055 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8,500 से अधिक शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने शेष शिकायतों के भी त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि राजधानी के सभी प्रभावित क्षेत्रों में नियमित आधार पर पर्याप्त संख्या में जल टैंकर उपलब्ध कराए जाएं और आवश्यकता के अनुसार उनकी ट्रिप बढ़ाई जाएं।

दीर्घकालिक जल सुरक्षा के लिए नई योजनाएं

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान परिस्थितियों से निपटने के लिए अल्पकालिक उपायों के साथ-साथ दीर्घकालिक जल प्रबंधन योजनाओं पर भी समान गति से कार्य किया जाए, ताकि तत्काल राहत के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। इसके अंतर्गत हरियाणा से पाइपलाइन के माध्यम से जल लाने की व्यवहार्यता का अध्ययन किया जा रहा है, जिससे जल हानि और रिसाव को कम किया जा सके। इस संबंध में आईआईटी रुड़की द्वारा व्यवहार्यता अध्ययन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वजीराबाद के निकट यमुना में ड्रेजिंग और डी-सिल्टिंग कार्य, नए जल शोधन संयंत्रों की स्थापना तथा यमुना खादर क्षेत्र में अतिरिक्त बोरवेल विकसित करने जैसी योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वर्तमान चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही योजनाएं राजधानी की जल सुरक्षा को और अधिक मजबूत करेंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि शोधन संयंत्रों (एसटीपी) से प्राप्त उपचारित जल का उपयोग बागवानी, वाहन धुलाई तथा अन्य गैर-पेय कार्यों के लिए सुनिश्चित करने हेतु ड्यूल वाटर सप्लाई सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए।

जल संरक्षण और जनजागरूकता अभियान पर जोर

मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए दिल्ली जल बोर्ड को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड को जल के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने तथा इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल संकट का स्थायी समाधान केवल आपूर्ति बढ़ाने से नहीं, बल्कि जल के विवेकपूर्ण उपयोग और संरक्षण से भी संभव है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 75 सीएम श्री स्कूलों में वर्षा जल संचयन संरचनाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 500 नई जल संचयन संरचनाओं के निर्माण तथा 1,000 पुरानी संरचनाओं के पुनरोद्धार की योजना पर कार्य शुरू हो चुका है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।