दिल्ली-NCR में मौसम का चौंकाने वाला मिजाज; सुबह कोहरे की चादर, परसों फिर बारिश
दिल्ली में शनिवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो सामान्य से कम है। हालिया बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। ठंड से लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।

दिल्ली-NCR में शनिवार को मौसम ने करवट ली और ठंडी हवाओं के साथ घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से काफी कम है। हालिया बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। एक्यूआई संतोषजनक श्रेणी में रहा। फरीदाबाद में कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। इस अचानक बढ़ी ठंड चौंकाया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक हल्की ठंड और कोहरा बना रह सकता है। सोमवार को एकबार फिर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
फरीदाबाद में कोहरे की चादर
बारिश के बाद फरीदाबाद में शनिवार को घना कोहरा छा गया। कुछ जगहों पर सड़क पर दृश्यता घटकर करीब 10 मीटर रह गई। ठंड बढ़ने के कारण घरों में कूलर, पंखे और एसी बंद हो गए हैं, वहीं लोगों ने एक बार फिर स्वेटर, जर्सी और कंबल निकाल लिए हैं। सुबह-शाम की ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्का कोहरा और ठंडक बनी रह सकती है।
दिल्ली में भी मौसम का चौंकाने वाला रुख, घना कोहरा
दिल्ली में भी मौसम का चौंकाने वाला मिजाज देखने को मिला। दिल्ली में शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा और ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस हो गया जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम है। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को हुई बारिश से हवा साफ हुई है। इससे लगभग पांच महीने बाद दिल्ली के लोगों को स्वच्छ हवा मिली।
साफ हुई हवा, सोमवार को बारिश की चेतावनी
शनिवार सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 94 दर्ज किया गया जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को वायु गुणवत्ता 99 दर्ज की गई थी। दिल्ली में शुक्रवार को 7 मिलीमीटर बारिश हुई थी लेकिन शनिवार सुबह बारिश नहीं हुई। इस मार्च में अब तक 16.2 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है जो साल 2023 के बाद सबसे अधिक है। सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
27 मार्च से तापमान के बढ़ने का अनुमान
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 27 मार्च से तापमान के बढ़ने के आसार हैं। दिल्ली में इससे पहले 23 और 24 मार्च को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस जबकि 25 और 26 को इसके 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में 27 मार्च को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी, बारिश और ओले गिर रहे हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी देखी गई है जबकि मैदानी इलाकों में फिर से ठंड लौट आई है।




साइन इन