आसमान से बरसती आग और लू के थपेड़ों से लोग परेशान, दिल्ली में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
Delhi Weather News : दिल्ली और आसपास के इलाकों में कहर बरपा रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। इस बार गर्मी ने शुरू से ही अपने तेवर दिखलाने शुरू कर दिए थे। दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री से सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने के आसार हैं।

राजधानी दिल्ली में टेम्प्रेचर के टॉर्चर का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट और उसके बाद तीन दिनों का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। दिल्ली में बीते पांच दिनों से भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। सुबह से ही तेज धूप निकल रही है। शनिवार की सुबह इसमें हल्का बदलाव देखने को मिला। सुबह 7 बजे के बाद से ही दिल्ली के कई इलाकों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई और साढ़े 7 बजे के बाद अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी देखने को मिली।
इसके साथ ही कई स्थानों पर बौछारें भी पड़ीं। आंधी-तूफान के समय तो दिल्ली के तमाम इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में धूप के चलते फिर से तापमान में इजाफा हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है। एक दिन पहले से तुलना करें तो अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री का सुधार हुआ है। न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 22 से 49 फीसदी तक रहा।
अभी ऐसे ही रहेंगे हालात
दिल्लीवालों को सप्ताह भर भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रह सकता है। रविवार-सोमवार के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार, बुधवार और गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने, सिर ढंक कर चलने तथा लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
दिल्ली में सर्दी ही नहीं, पूरे साल प्रदूषण से जंग होगी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि राजधानी में केवल सर्दी के दिनों में नहीं बल्कि साल के 365 दिन प्रदूषण के खिलाफ जंग चलेगी। मुख्यमंत्री ने राजधानी में अत्याधुनिक तकनीक से स्थापित हवा साफ करने वाले तकनीकी उपायों का निरीक्षण किया। खास बात यह है कि ये तकनीकी उपकरण भारत में ही बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदूषण के विरुद्ध दिल्ली का अभियान केवल सर्दियों के कुछ महीनों तक सीमित नहीं है, बल्कि साल भर स्वच्छ हवा और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। दिल्ली सरकार पारंपरिक उपायों के साथ-साथ नवीन तकनीकों, वैज्ञानिक शोध और नवोन्मेष आधारित समाधानों को भी प्राथमिकता दे रही है ताकि राजधानी को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस और स्थायी परिणाम प्राप्त किए जा सकें। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदूषण कम करने के लिए के खंभों मिस्ट स्प्रे लगाए जा रहे हैं। एंटी स्मॉग गन का उपयोग किया जा रहा है।




साइन इन