Delhi hit by scorching heat again after 16 years IMD issues orange alert till 28 May अभी तो बस शुरुआत है! दिल्ली पर 16 साल बाद फिर भीषण गर्मी का प्रहार, अगले 6 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट, Ncr Hindi News - Hindustan
More

अभी तो बस शुरुआत है! दिल्ली पर 16 साल बाद फिर भीषण गर्मी का प्रहार, अगले 6 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट

Delhi Weather Update : दिल्लीवालों को अभी भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, बीच-बीच में हल्के बादल या गरज-चमक जैसी मौसमी घटनाएं भी हो सकती है। 28 तारीख तक दिल्ली में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी।

Sat, 23 May 2026 05:39 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
अभी तो बस शुरुआत है! दिल्ली पर 16 साल बाद फिर भीषण गर्मी का प्रहार, अगले 6 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट

राजधानी दिल्ली में इस बार बीते 16 वर्षों में सबसे भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। दिल्ली में इस महीने अब तक चार दिन लू की स्थिति रह चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी एक सप्ताह ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने 28 मई तक के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार की सुबह से ही तेज धूप निकली। दोपहर में आलम यह था कि कुछ देर भी धूप में खड़ा होना मुश्किल था। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 19 से 34 फीसदी तक रहा। दिल्ली के रिज क्षेत्र में सबसे अधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में इन 4 कारणों से पड़ रही प्रचंड गर्मी, दिन का चैन और रात की नींद छिनी

तापमान अभी और बढ़ने की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के लोगों को भीषण गर्मी से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री रहने के आसार हैं। इस दौरान हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। बीच-बीच में हल्के बादल या गरज-चमक जैसी मौसमी घटनाएं भी हो सकती है। 28 तारीख तक दिल्ली में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी। इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंट अलर्ट जारी किया है।

वर्ष 2024 की गर्मी का टूट सकता है रिकॉर्ड

बीते 16 वर्षों में मई महीने में लू के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो इस बार भीषण गर्मी का नया रिकॉर्ड बनता दिख रहा है। वर्ष 2024 में कुल मिलाकर छह दिन रहे थे जब दिल्ली में लू की स्थिति बनी थी। इस महीने अब तक चार दिन लू की स्थिति बन चुकी है। अगले पूरे हफ्ते के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। इससे माना जा रहा है कि इस बार 2024 से ज्यादा भीषण गर्मी पड़ने वाली है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

हीट स्ट्रोक पीड़ित छात्र अब भी गंभीर

दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में भर्ती हीट स्ट्रोक के शिकार 24 वर्षीय छात्र की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। वहीं, 50 वर्षीय दूसरे मरीज की हालत में सुधार हो रहा है। वह अब होश में हैं, लेकिन उन्हें अब भी मानसिक भ्रम की समस्या हो रही है। बता दें कि हीट स्ट्रोक के कारण आरएमएल अस्पताल में दो मरीज भर्ती कराए गए थे। वे 104-105 डिग्री बुखार के बीच बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद दोनों का इलाज मेडिसिन वार्ड में चल रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:45 डिग्री का टॉर्चर और लू के थपेड़े; दिल्ली-NCR में 23 मई को कैसा रहेगा मौसम

दिल पर भारी पड़ रहा लगातार बढ़ता तापमान

भीषण गर्मी और लू के कारण लोग सिर दर्द, उल्टी, थकान, चक्कर आने और डिहाइड्रेशन जैसी समस्या से पीड़ित हो रहे हैं। डॉक्टरों ने दिल के लिए भी गर्मी को घातक बताया है। दरअसल, भीषण गर्मी व लू के कारण डिहाइड्रेशन अरैी इलेक्ट्रोलाइट्स असंतुलन होने पर हृदय गति अनियमित (अरिदमिया) होने और हृदयाघात का जोखिम बढ़ जाता है। इसलिए अधिक गर्मी में भी अपने दिल को लेकर भी सतर्क रहें। पानी व तरल पदार्थ का पर्याप्त सेवन करें।

एम्स के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल ने बताया कि गर्मी बहुत अधिक होने पर शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए पसीना अधिक आता है। ऐसी स्थिति में गर्मी में शरीर त्वचा की ओर अधिक रक्त भेजता है, ताकि शरीर का तापमान कम हो सके। इससे हृदय पर दबाव ज्यादा पड़ता है।

इन्हें होता है अधिक खतरा : डॉ. नीरज निश्चल ने बताया कि बुजुर्गों, हृदय के पुराने मरीज, हाइपरटेंशन, डायबिटीज व किडनी रोग से पीड़ित लोगों को इलेक्ट्रोलाइट्स असंतुलन के कारण हृदय की पेरशानी होने का जोखिम अधिक होता है।

ये लक्षण दिखें तो हो जाएं सतर्क : डिहाईड्रेशन, कमजोरी, चक्कर, भ्रम, हृदय गति बढ़ना, बेहोशी और अचानक गिरने जैसे लक्षण शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही पसीना आना बंद हो जाना या फिर बहुत ज्यादा पसीना आने लगे तो भी सतर्क हो जाएं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आसमान से बरसी आग, दिल्ली की मशहूर संजय झील में दिखीं सैकड़ों मृत मछलियां
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।