दिल्ली पर 2 दिन भारी! आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, 50 की स्पीड से चलेंगी हवाएं; पूरे हफ्ते कैसा हाल?
Delhi Weather News : मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के मौसम में आज से फिर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। गर्मी और उमस के बीच बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।

गर्मी और तपिश झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली में आज से मौसम एक बार फिर बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 6 दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें यह बताया गया है कि राजधानी में बादलों की आवाजाही के साथ सोमवार-मंगलवार को बारिश हो सकती है। सोमवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा, तेज धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ेंगी। इस दौरान हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रह सकती है।
दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी
दिल्ली में सोमवार को दिन के समय तेज धूप निकलने की संभावना है। लेकिन, शाम या रात के समय मौसम में बदलाव होगा और तेज धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ेंगी। इससे दिल्ली के लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही सूरज निकला रहा। हालांकि, पिछले दिनों हुई बारिश के चलते हवा में अभी भी काफी हद तक नमी मौजूद है, जिससे तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई।
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.4 डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो मौसमी औसत से 1.1 डिग्री अधिक था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 127 के साथ वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई।
आज और कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 11 मई 2026 को दिल्ली में मौसम काफी सक्रिय रहेगा। दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। शाम या रात के समय भी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
वहीं, 12 मई को भी यही स्थिति बनी रहने की उम्मीद है, जहां दोपहर के बाद बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पूरे हफ्ते कैसा रहेगा हाल
13 मई: आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम को गरज वाले बादल बनने की संभावना है।
14 मई: आसमान में बादल तो रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
15 और 16 मई: इन दो दिनों में मौसम एक बार फिर साफ होने लगेगा और पारा चढ़ना शुरू होगा। 16 मई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छू सकता है।
तापमान का उतार-चढ़ाव
इस पूरे हफ्ते न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलेंगी, जिससे नमी और उमस बनी रह सकती है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी और तूफान के दौरान पेड़ों के नीचे या जर्जर इमारतों के पास शरण न लें। तेज हवाओं के कारण यातायात और खुले में रखी चीजों को नुकसान पहुंच सकता है। बिजली कड़कने के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सावधानी से इस्तेमाल करें।




साइन इन