delhi mausam changed with dust strom with rain imd issued alert दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी का कहर; 120 की स्पीड से चलीं हवाएं, यह तो बस ट्रेलर आगे…, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी का कहर; 120 की स्पीड से चलीं हवाएं, यह तो बस ट्रेलर आगे…

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में मंगलवार शाम को तेज धूल भरी आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। गरज चमक के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। अचानक आए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

Wed, 10 June 2026 12:35 AMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी का कहर; 120 की स्पीड से चलीं हवाएं, यह तो बस ट्रेलर आगे…

Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में मंगलवार शाम को अचानक तेज धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। तूफानी हवा की स्पीड ऐसी थी जैसे वह सब कुछ उड़ा ले जाना चाहती हो। दिल्ली के पालम में हवा की स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव और तेज हवाओं के कारण लोगों को पिछले कई दिनों से जारी तपती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो यह तो अभी ट्रेलर था। दिल्ली एनसीआर में 11 जून को मौसम इससे भी ज्यादा खराब रह सकता है।

120 की स्पीड से चलीं हवाएं, 2001 का रिकॉर्ड दोहराया

दिल्ली के साथ ही एनसीआर के कई हिस्सों में अचानक तेज धूल भरी आंधी से मौसम बदल गया। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि माना सब कुछ उड़ा ले जाएगी। दिल्ली के पालम में हवा की स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। इससे पहले पालम में इतनी तेज हवाएं 4 जून 2001 को चली थीं तब इनकी स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। इससे पहले 25 मई 1991 को 147 किमी प्रति घंटा, 2 मई 1989 को 145 किमी प्रति घंटा, 6 जून 1997 को 139 किमी/घंटा और 16 जून 1988 को 126 किमी/घंटा की स्पीड से हवाएं चली थीं।

कहां कितनी रही हवा की स्पीड?

दिल्ली के पूसा में शाम 7:30 बजे हवा की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा, सफदरजंग में शाम 7:07 से 7:09 के बीच 64 किलोमीटर प्रति घंटा, जाफरपुर में शाम 7 बजे हवा की स्पीड 59 किलोमीटर प्रति घंटा, छतरपुर में शाम 7:15 बजे 56 किलोमीटर प्रति घंटा, पीतमपुरा में शाम 6:30 बजे 35 किलोमीटर प्रति घंटा, लोदी रोड पर शाम 7:45 बजे 31 किलोमीटर प्रति घंटा, जनकपुरी में शाम 7:30 बजे 30 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

दो फ्लाइटें की गई डायवर्ट

तेज आंधी के कारण दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी इस आंधी तूफान का असर दिखाई दिया। तेज हवा के कारण 2 विमानों का मार्ग बदल दिया गया। दोनों विमानों को जयपुर भेजा गया। दिल्ली एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में आंधी तूफान के लिए मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था।

तापमान में नहीं आई गिरावट

दिल्ली में तेज आंधी चलने के कारण भी तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रिज में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा था। इसके बाद लोदी रोड पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक था। पालम में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था।

80 की स्पीड वाली हवाएं चलने की दी थी चेतावनी

मौसम विभाग ने मंगलवार को दोपहर के वक्त ही अपने पूर्वानुमान में बदलाव करते हुए दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ तेज आंधी चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि दिल्ली एनसीआर में देर शाम को 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञानियों ने आगे 11 जून से मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई है।

कल कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने 10 जून को भी दिल्ली-एनसीआर में शाम के समय गरज-चमक के साथ तेज आंधी की संभावना जताई है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि कल यानी बुधवार को भी दिल्ली के साथ ही एनसीआर वालों को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में आज से ही गरज चमक; परसों 70 की स्पीड से तूफानी हवाएं, ऑरेंज अलर्ट

11 जून को 70 की स्पीड में चलेंगी हवाएं, ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 जून से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई है। इस दिन दिल्ली-एनसीआर में बादल छाने और शाम या रात को आंधी-तूफान के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार की दहलीज पर पहुंचा मॉनसून, IMD की खुशखबरी; इन राज्यों में 5 दिन भारी बारिश

12 को तेज आंधी बारिश का येलो अलर्ट

इस पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर 12 जून को दिखेगा जब पूरे दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग समय पर आंधी, तूफान और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन हवा की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहेगी और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आएगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने का अनुमान है। इन दिन लोगों को सुहावना मौसम मिलेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उमस, लू और बारिश का ट्रिपल इफेक्ट, राजस्थान में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

(हिन्दुस्तान संवाददाता और IMD के इनपुट पर आधारित)

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।