उमस, लू और बारिश का ट्रिपल इफेक्ट, राजस्थान में मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट
राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियों के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है, वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है।

राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियों के बीच मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है, वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है। मौसम विभाग ने मंगलवार को 7 जिलों में आंधी-बारिश और 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस बीच श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है।
11 जून से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में एक बार फिर आंधी और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। हालांकि उससे पहले पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसके चलते कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है।
गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी
सोमवार को राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, जयपुर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, कोटा और जोधपुर समेत कई शहरों में पारा 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। तापमान के साथ-साथ उमस ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दिनभर गर्म हवाओं और चिपचिपी गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।
श्रीगंगानगर बना देश का सबसे गर्म शहर
राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में सोमवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान देशभर में सबसे अधिक रहा। वहीं जैसलमेर, बीकानेर और बाड़मेर जैसे जिलों में भी पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों तक पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का यह दौर जारी रह सकता है।
जयपुर में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा
राजधानी जयपुर में सोमवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस का असर देखने को मिला। शहर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 10 जून तक इसी तरह गर्म और उमसभरे मौसम की संभावना जताई है।
अलवर में बारिश से राहत, लेकिन गर्मी बरकरार
अलवर में सोमवार शाम हुई तेज बारिश से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा। जिले में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली।
उदयपुर, सीकर और कोटा में बढ़ रहा तापमान
लेकसिटी उदयपुर में पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सीकर में बारिश थमने के बाद गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को जिले में तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।
कोटा में पिछले 24 घंटों के दौरान 34.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, लेकिन बारिश के बाद आसमान साफ होने से तापमान फिर बढ़ गया। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जोधपुर में भी गर्मी का प्रकोप जारी
जोधपुर में भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय उमस और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
आने वाले दिनों का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 से 72 घंटे राजस्थान के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। पश्चिमी जिलों में हीटवेव और तेज गर्मी का असर रहेगा, जबकि पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। 11 जून से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव ला सकता है। फिलहाल प्रदेशवासियों को गर्मी, उमस और बदलते मौसम—तीनों का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन