दिल्ली में बेड बॉक्स में मिली महिला की लाश, प्रेमी से मिलने पहुंची थी पीजी; 3 आरोपी गिरफ्तार
घटना राजधानी दिल्ली के मंगोल पुरी इलाके की है। यहां एक महिला का शव पीजी के कमरे में बेड बॉक्स के अंदर छिपा हुआ मिला। शुरूआती जांच में हत्या के पीछे की वजह प्रेम संबंध बताया जा रहा है। 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Delhi murder case: राजधानी दिल्ली के मंगोल पुरी इलाके से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला का शव पीजी के कमरे में बेड बॉक्स के अंदर छिपा हुआ मिला। घटना की सूचना पुलिस को 7 अप्रैल को पीसीआर कॉल के जरिए मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
गला दबाने और माथे पर चोट के निशान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पत्थर मार्केट स्थित एक इमारत की तीसरी मंजिल पर अमरजीत नामक व्यक्ति पीजी चलाता है। इसी पीजी के एक कमरे में करीब 35 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ, जिस पर गला दबाने के निशान और माथे पर चोट के निशान पाए गए। मौके पर दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मृतका का युवक के साथ था प्रेम संबंध
शुरूआती जांच में सामने आया कि मृतका का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। 7 अप्रैल को शाम करीब 4:30 बजे वह आरोपी से मिलने पीजी पहुंची थी। दोनों करीब एक घंटे तक कमरे में रहे। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। कुछ समय बाद पीजी चलाने वाले को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
हत्या के आरोप में 3 गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ बॉबी, जोगिंदर और दीपक के रूप में हुई है, जो सभी मंगोलपुरी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे प्रेम संबंध और आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
खबर में इस्तेमाल की गई तस्वीर प्रतीकात्मक है।




साइन इन