दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर प्लेन के टॉयलेट में मिला 2 करोड़ का गांजा
राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक-दिल्ली उड़ान के शौचालय से दो किलोग्राम से अधिक 'संदिग्ध' गांजा जब्त किया है।

राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक-दिल्ली उड़ान के शौचालय से दो किलोग्राम से अधिक 'संदिग्ध' गांजा जब्त किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह बरामदगी पांच अप्रैल को हुई।
कूड़ेदान में मिला गांजा
इसमें कहा गया है कि निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, भारतीय सीमा शुल्क की विशेष शाखा, वायु खुफिया इकाई के अधिकारियों ने बैंकॉक से आने वाली उड़ान पर नजर रखी। बयान में कहा गया है कि निगरानी के दौरान विमान के शौचालय के कूड़ेदान से धूसर (ग्रे) रंग के टेप में लपेटे गए तीन पैकेट बरामद किए गए।
करीब 2 किलो गांजा जब्त, कीमत लगभग 2 करोड़
पैकेटों की एक्स-रे से जांच की गई, जिससे संदिग्ध सामग्री का संकेत मिला। इसमें कहा गया है, ''जांच करने पर पैकेटों में हरे रंग का पत्तीनुमा पदार्थ पाया गया, जिसके गांजा होने का संदेह है।'' बयान के अनुसार, संदिग्ध मादक पदार्थ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ का कुल वजन लगभग 2.01 किलोग्राम था और ''इसका अनुमानित मूल्य लगभग 2.01 करोड़ रुपये'' है।
गांजा एक मादक पदार्थ है, जो कैनाबिस पौधे से प्राप्त होता है। इसमें टेट्राहाइड्रोकैनाबिनोल (THC) नामक तत्व होता है, जो दिमाग पर असर डालता है। इसका सेवन करने से व्यक्ति को अस्थायी रूप से नशा, उत्साह या सुकून महसूस हो सकता है, लेकिन लंबे समय तक उपयोग से याददाश्त, मानसिक स्वास्थ्य और शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। कई देशों में यह अवैध है, जबकि कुछ जगहों पर सीमित उपयोग की अनुमति दी गई है।




साइन इन