दिल्ली में अचानक कार का दरवाजा खुलने से बड़ा हादसा, बस ने स्कूटी सवार को कुचला
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 30 साल के शख्स की मौत हो गई।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 30 साल के शख्स की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तम नगर निवासी दक्ष के रूप में हुई है, जो अपने एक रिश्तेदार को मेट्रो स्टेशन छोड़कर घर वापस लौट रहा था।
दुर्घटना सुबह करीब साढ़े 8 बजे उस समय हुई जब सड़क किनारे खड़ी एक टोयोटा इटियोस कार के यात्री ने अचानक दाहिनी ओर का दरवाजा खोल दिया। पीछे से आ रहे दक्ष का स्कूटर खुले हुए दरवाजे से टकरा गया, जिससे वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ा और तभी पीछे से आ रही एक डीटीसी बस ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तबीयत खराब होने की वजह से खोला था दरवाजा
द्वारका के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि कार ड्राइवर के अनुसार, एक यात्री की तबीयत खराब होने के कारण कार को सड़क के बाईं ओर रोका गया था। जैसे ही यात्री ने पीछे का दरवाजा खोला, स्कूटर सवार को ब्रेक लगाने का पर्याप्त समय नहीं मिला और वह हादसे का शिकार हो गया। यह बस रूट नंबर 887 पर घुम्मनहेड़ा गांव से तिलक नगर की ओर जा रही थी। अंकित सिंह ने बताया कि सुबह 8:40 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को दुर्घटना की सूचना मिली। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना में तीन वाहन शामिल थे। एक बस, एक टोयोटा एटिओस कार और एक स्कूटर।
पुलिस ने ब उत्तम नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




साइन इन