delhi malviya nagar fire mcd and delhi police investigate on these angles मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक की पहचान, किन पहलुओं पर MCD-दिल्ली पुलिस की जांच?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक की पहचान, किन पहलुओं पर MCD-दिल्ली पुलिस की जांच?

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक 5 मंजिला होटल में बुधवार को सुबह भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। इस घटना को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस के साथ एमसीडी भी जांच में जुट गई है।

Wed, 3 June 2026 04:10 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक की पहचान, किन पहलुओं पर MCD-दिल्ली पुलिस की जांच?

दिल्ली के मालवीय नगर के भीड़भाड़ वाले हौज रानी इलाके में 5 मंजिला 'फ्लोरिश स्टे बी एंड बी' होटल में बुधवार को भयानक आग लग गई जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कई विदेशी भी शामिल हैं। हादसे में घायल कई लोगों की हालत नाजुक है। इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर रेस्तरां चल रहा था जबकि बाकी हिस्सों में होटल का संचालन हो रहा था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस होटल में आने-जाने के लिए केवल एक ही दरवाजा था। होटल मालिक की पहचान हो गई है। बताया जाता है कि होटल के संचालन में 3 साझेदार भी शामिल थे।

एमसीडी भी जांच में जुटी

दिल्ली नगर निगम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। MCD की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। लापरवाही के लिए जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इमारत कितनी पुरानी है इसकी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खिड़की से कूदते लोग… धुआं और चीखें; मालवीय नगर अग्निकांड के वो 5 अनसुलझे सवाल

इन एंगल पर जांच

सूत्रों के अनुसार, होटल के मालिक की पहचान लोकेश बजाज के रूप में हुई है। होटल के संचालन में 3 साझेदार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन साझेदारों के दिल्ली में कई अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी हैं। दिल्ली पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां ​​होटल के मालिकाना हक, संचालन और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं। खासकर फायर एनओसी के साथ ही यह भी पता किया जा रहा है कि आग से बचाव को लेकर इमारत में क्या इंतजाम थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:2026 में दिल्ली में अबतक आग की कई घटनाएं, इतने लोगों ने गंवाई जान; डरावने आंकड़े

फायर NOC की जांच, मंजूरियों में कहां चूक?

वहीं दिल्ली पुलिस ने घटना के मामले में 'गैर-इरादतन हत्या' के आरोप में FIR दर्ज की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि होटल में आने-जाने का केवल एक ही रास्ता था। होटल के पास 'फायर NOC' की भी जांच की जा रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे इलाके को घेर लिया गया है। कई टीमें मौके पर छानबीन में जुटी हैं। टीमें यह जांच कर रही हैं कि होटल में कुल कितने कमरे थे। अधिकारी सुरक्षा मानकों और मंजूरियों में हुई चूकों की भी छानबीन कर रहे हैं। वहीं फॉरेंसिक टीमें भी घटनास्थल की वैज्ञानिक छानबीन में जुट गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इलाज कराने आए थे, मौत से सामना हो गया; दिल्ली अग्निकांड के चश्मदीदों की जुबानी

लापरवाही पर मालिक होगा अरेस्ट

दिल्ली के बिजली मंत्री आशीष सूद ने बताया कि पुलिस मालवीय नगर में लगी आग की घटना की जांच कर रही है। यदि हादसे में इमारत के मालिक की लापरवाही पाई जाती है तो उसे अरेस्ट किया जाएगा। अधिकारी जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। किसी भी अवैध इमारत को बख्शा नहीं जाएगा। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस इमारत के लिए 'बेड-एंड-ब्रेकफास्ट' (BnB) सुविधा के तौर पर काम करने के लिए जरूरी NOC और मंजूरियां ली गई थीं। वहीं सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि अधिकारी उन कमियों की पहचान कर रहे हैं, जिनकी वजह से हादसा हुआ।

(एएनआई और पीटीआई के इनपुट पर आधारित)

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।