Delhi is experiencing intense cold due to icy winds cold wave conditions may persist until 7th January दिल्ली में प्रचंड हुई ठंड; बर्फीली हवाओं से कांप रही राजधानी; 7 जनवरी तक रहेंगे शीतलहर जैसे हालात, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में प्रचंड हुई ठंड; बर्फीली हवाओं से कांप रही राजधानी; 7 जनवरी तक रहेंगे शीतलहर जैसे हालात

Delhi weather : राजधानी दिल्ली में शनिवार को ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। तेज सर्द हवाओं के कारण लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जनवरी तक कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात रह सकते हैं। रविवार को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Sun, 4 Jan 2026 06:30 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में प्रचंड हुई ठंड; बर्फीली हवाओं से कांप रही राजधानी; 7 जनवरी तक रहेंगे शीतलहर जैसे हालात

राजधानी दिल्ली में शनिवार को ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। तेज सर्द हवाओं के कारण लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जनवरी तक कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात रह सकते हैं। रविवार को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से चल सकती है हवा

रविवार को सुबह के समय कई स्थानों पर मध्यम कोहरा और कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग 18 और सात डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। रविवार को सुबह से लेकर शाम तक 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:क्या फिर से गैस चैंबर में बदल जाएगी दिल्ली, अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से थोड़ा अधिक है। पालम में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री, लोधी रोड पर 17.6 डिग्री, रिज पर 16.3 डिग्री और आया नगर में 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सोमवार के लिए अभी कोई अलर्ट जारी नहीं

न्यूनतम तापमान की बात करें तो आयानगर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में नमी का अधिकतम स्तर 100 फीसद तथा न्यूनतम स्तर 64 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। सफदरजंग में सुबह करीब नौ बजे दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई, जो बाद में बढ़कर 1200 मीटर हो गई। मौसम विभाग ने सोमवार को किसी तरह का अलर्ट फिलहाल जारी नहीं किया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में आज पड़ेगी कड़ाके की ठंड, शीतलहर की चेतावनी; जानें अन्य राज्यों का हाल

72 उड़ानें रद्द, ट्रेनें प्रभावित: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को 72 उड़ानें रद्द रहीं और 300 से अधिक की उड़ानों में देरी हुई। शनिवार सुबह दिल्ली में कोहरा नहीं था, लेकिन देश के दूसरे हिस्सों में कोहरे के कारण वहां से आने वाली और जाने वाली उड़ानें रद्द रहीं। वहीं, लगभग 60 गाड़ियां देरी से दिल्ली पहुंचीं। इनमें अधिकांश गाड़ियां 2 से 3 घंटे की देरी से पहुंचीं।

दिल्लीवालों को लगातार दूसरे दिन थोड़ी राहत

राजधानी में हवा की गति सामान्य रहने व कोहरा कम होने के कारण लगातार दूसरे दिन प्रदूषण का औसत स्तर 300 से नीचे बना रहा। पिछले एक सप्ताह से प्रदूषण की मार झेल रहे दिल्लीवासियों को लगातार दूसरे दिन प्रदूषण से मामूली राहत मिली। सीपीसीबी के अनुसार शनिवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 267 अंक यानि खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। यह शुक्रवार के स्तर से अधिक है हालांकि, गुरुवार की तुलना में कम रहा। ज्ञात हो कि साल के पहले दिन गुरुवार को दिल्ली के 10 इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से ऊपर यानी गंभीर श्रेणी में रहा था। वहीं, दूसरे दिन यानि शुक्रवार को प्रदूषण से थोड़ी रहात रही और राजधानी के किसी भी वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र पर एक्यूआई ने 400 का आंकड़ा पार नहीं किया। शनिवार को भी ऐसी ही स्थिति रही।

शनिवार को हवा की गति तेज होने, दोपहर में आसमान साफ होने और दृश्यता में सुधार होने के कारण प्रदूषण के स्तर में भी सुधार देखा गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शनिवार सुबह नौ बजे 240 अंक पर दर्ज किया गया लेकिन शाम को यह 27 अंक बढ़ गया।

पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर भी सुधरा

सीपीसीबी के अनुसार शुक्रवार को पीएम 10 का औसत स्तर 183 तथा पीएम 2.5 का औसत स्तर 111.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। शनिवार को इसमें और कमी दर्ज की गई और पीएम 10 का स्तर शाम तीन बजे 177 जबकि पीएम 2.5 का स्तर 107 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। हालांकि, अभी भी यह निर्धारित मानकों से ज्यादा है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।