दिल्ली होटल अग्निकांड : नाइजीरियन कपल ने आग से बचने का वीडियो देखकर बचाई जान
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश स्टे में भीषण अग्निकांड के दौरान एक नाइजीरियाई कपल ने अपनी सूझबूझ के जरिये मौत को मात दे दी। इस दर्दनाक हादसे में जहां 21 लोगों को जान गंवानी पड़ी, वहीं करीब 30 लोग बुरी तरह घायल हो गए।

दिल्ली में मालवीय नगर के हौजरानी स्थित होटल में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में जहां 21 लोगों की मौत हो गई, वहीं एक नाइजीरियाई कपल ने आग से बचाव संबंधित वीडियो से मिली जानकारी और अपनी सूझबूझ के दम पर मौत को मात दे दी।
नाइजीरियाई कपल ने दिल्ली पुलिस को दिए बयान में बताया कि उन्होंने हादसे के दौरान बाथरूम में शरण लेकर और लगातार पानी का इस्तेमाल कर खुद को जहरीले धुएं से बचाए रखा, जिससे उनकी जान बच गई और मदद पहुंचने पर वह सुरक्षित बाहर निकल आए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीम बचे हुए लोगों के बयान दर्ज कर रही है। विदेशी नागरिकों के बयान लेने के लिए पुलिस द्वारा ट्रांसलेटरों की भी मदद ली गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस कपल को पता था कि आग लगने पर धुआं ऊपर की ओर जमा होता है। इसी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने होटल के कमरे से निकलने के बजाय बाथरूम में जाकर शॉवर चालू कर दिया। दोनों ने फर्श पर तौलिए बिछाए और नीचे लेटकर मदद पहुंचने का इंतजार किया। लगातार बहते पानी और नीचे रहने की वजह से वे जहरीले धुएं के असर से बचे रहे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हादसे में अधिकांश लोगों की मौत आग की लपटों से नहीं बल्कि धुएं से दम घुटने के कारण हुई। अधिकारी का कहना है कि इमारत में पर्याप्त वेंटिलेशन और आपातकालीन निकास मार्ग नहीं थे, जिसके कारण धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि संबंधित दूतावासों को सूचना दे दी है और आगे की प्रक्रिया के लिए समन्वय किया जा रहा है। अधिकांश विदेशी नागरिक इलाज कराने के लिए भारत आए थे या मरीजों के साथ ठहरे हुए थे।
अस्पतालों में अभी भी 17 मरीजों का इलाज जारी
आग की घटना में घायल हुए अभी 18 मरीज अलग-अलग तीन अस्पतालों में भर्ती हैं। मैक्स अस्पताल में अभी 15 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 13 विदेशी हैं, जिसमें से छह मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। नौ मरीज आईसीयू और वार्ड में भर्ती हैं। सभी की देखभाल की जा रही है। इसके अलावा एम्स और सफदरजंग अस्पताल में एक-एक मरीज भर्ती हैं। उनकी हालत भी स्थिर बनी हुई है।
एम्स में 19 शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हुआ
आग लगने की घटना में जान गंवाने वाले सात लोगों के शव का शुक्रवार को एम्स के मुख्य मॉर्चरी में पोस्टमार्टम किया गया। अब तक 21 में से 19 शवों का पोस्टमॉर्टम हो चुका है, जिसमें से एक का पोस्टमॉर्टम एम्स ट्राॅमा सेंटर में हुआ था। अभी दो शवों को एम्स ट्रॉमा सेंटर की मॉर्चरी में रखा गया है। एक की पहचान हो गई है। परिजनों के आने पर उसका पोस्टमॉर्टम हो जाएगा।




साइन इन