45 डिग्री का टॉर्चर और लू के थपेड़े; दिल्ली-NCR में 23 मई को कैसा रहेगा मौसम
Delhi-NCR 23 May Weather: दिल्ली-एनसीआर में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आगे गर्मी और पड़ने वाली है। 23 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक जाएगा।

Delhi-NCR 23 May Weather Updates: पूरे उत्तर भारत में इस वक्त भयंकर गर्मी पड़ रही है। रिकॉर्डतोड़ गर्मी का आलम यह है कि सिर्फ मैदानों ही नहीं पहाड़ों में भी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। कई शहरों में दिन के वक्त अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हैं। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो आज भी कई इलाकों में भयंकर गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 23 मई को भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने वाला है। पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में आसमान साफ रहेगा और हीटवेव के साथ गर्म रात की स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने बताया है कि नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ-ईस्ट दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 23 मई को लू चलने की संभावना है। दिन के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी, जिनकी गति झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
28 मई तक राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, 23 के बाद 28 मई तक मौसम से राहत की उम्मीद नहीं है। 23 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक जाएगा तो 24 मई से 28 मई तक अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक रह सकता है। इस दौरान लू 29 से 31 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।
तापमान 45 डिग्री तक जाएगा
दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी अधिक रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक होने पर शहर को हीटवेव की श्रेणी में रखा जाता है।
लोगों को बाहर न निकलने की सलाह
भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने के आसार कम हैं।
शहरवार मौसम और तापमान
नई दिल्ली की बात करें तो 23 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 35 डिग्री रहने का अनुमान है। पूरे दिन तेज धूप और लू चलने की संभावना है। नोएडा में अगले कई दिनों तक आसमान साफ रहेगा। हीटवेव के साथ 20-30 किमी प्रति घंटे की गर्म हवाएं चल सकती हैं। तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
गाजियाबाद में भी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने हीटवेव अलर्ट जारी किया है। दिन में तेज गर्म हवाएं चलेंगी और अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास रह सकता है। गुरुग्राम में भीषण गर्मी और वार्म नाइट की स्थिति बनी रहेगी। दिन में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। फरीदाबाद में अगले कुछ दिनों तक तेज धूप, लू और गर्म हवाओं का असर रहेगा। अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।




साइन इन