दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, 31 मार्च तक 7000 कक्षाएं बनेंगी AI-इनेबल्ड ‘स्मार्ट क्लासरूम’
दिल्ली सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 31 मार्च तक 7,000 सरकारी स्कूल कक्षाओं को AI-इनेबल्ड ‘स्मार्ट क्लासरूम’ में बदलने की घोषणा की है।

दिल्ली सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 31 मार्च तक 7,000 सरकारी स्कूल कक्षाओं को AI-इनेबल्ड ‘स्मार्ट क्लासरूम’ में बदलने की घोषणा की है। मंगलवार को सरोजिनी नगर में एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित CM SHRI स्कूल का उद्घाटन किया गया, जहां इस योजना की औपचारिक शुरुआत हुई।
इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद मौजूद रहे। राजधानी के 75 सरकारी स्कूलों में भी CM SHRI योजना लॉन्च की गई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि CM SHRI स्कूल केवल बेहतर भवन निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये दिल्ली के बच्चों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। इन स्कूलों को “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां आधुनिक तकनीक, स्किल एजुकेशन, करियर गाइडेंस और समग्र व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया जाएगा।
AI-सक्षम स्मार्ट कक्षाओं में इंटरएक्टिव पैनल, डिजिटल लर्निंग कंटेंट और आधुनिक शिक्षण उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे छात्रों को उनकी क्षमता के अनुसार व्यक्तिगत शिक्षण (पर्सनलाइज्ड लर्निंग) मिल सकेगा।
सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक विशेष डिजिटल पोर्टल भी विकसित किया है, जिसमें नियमित ऑनलाइन टेस्ट और प्रगति की निगरानी की सुविधा होगी। इसके अलावा मल्टी-सेक्टोरल स्किल लैब्स के माध्यम से छात्रों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजाइन और मेक्ट्रॉनिक्स जैसे विषयों से शुरुआती स्तर पर परिचित कराया जाएगा।
ICT लैब्स में डिजिटल साक्षरता, कोडिंग और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि डिजिटाइज्ड लाइब्रेरी में ई-बुक्स और शोध सामग्री उपलब्ध होगी। करियर लैब्स छात्रों की रुचि और योग्यता के आधार पर उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए मार्गदर्शन देंगी।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूल अब तकनीक-आधारित शिक्षा के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं और यह पहल पूरे शहर में समान रूप से लागू की जाएगी। सरकार के अनुसार, CM SHRI मॉडल आठ प्रमुख घटकों पर आधारित है, जिनका उद्देश्य 2047 तक विकसित भारत के विज़न के अनुरूप ज्ञान, कौशल और मूल्यों से युक्त शिक्षा प्रदान करना है।




साइन इन