दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे उद्घाटन की तैयारी तेज, अफसरों ने लिया जायजा
Saharanpur News - दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे को देखते हुए प्रशासन सक्रिय हो गया है। अधिकारियों ने हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बिहारीगढ़ में सीएम की सभा के लिए तैयारियां चल रही हैं, जिसमें अधिक लोगों को समायोजित करने का प्रयास किया जा रहा है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को मंडलायुक्त रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने पूरे काफिले के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने गणेशपुर स्थित प्रस्तावित हेलीपैड का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद काफिला एक्सप्रेसवे कॉरिडोर और फ्लाईओवर पर पहुंचा, जहां प्रधानमंत्री के संभावित रूट का गहन निरीक्षण किया गया। लगभग आधे घंटे तक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को परखा और जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक कुमार सिंह, डीएम मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन ने उत्तर प्रदेश सीमा स्थित मां डाट काली मंदिर पहुंचकर दर्शन भी किए। इस दौरान एसपी देहात सागर जैन, सीओ बेहट एसएन वैभव पांडेय, डीएफओ विपुल सिंघल और एसपी ट्रैफिक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अफसरों और एनएचएआई द्वारा लगातार एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि उद्घाटन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त की जा सकें।रेस्ट एरिया में होगी सभाबिहारीगढ़। बिहारीगढ़ के पास मनोहरपुर स्थित एनएचएआई के रेस्ट एरिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा प्रस्तावित है। इसके लिए करीब दस बीघा जमीन को समतल कर बड़ा मैदान तैयार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समायोजित किया जा सके। रेस्ट एरिया के चारों ओर दो लेन सड़क भी तैयार की गई है। गुरुवार को डीएम मनीष बंसल ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। एनएच टोल प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर के अनुसार, सभा को मुख्यमंत्री स्वयं संबोधित करेंगे या वर्चुअल माध्यम से, इस पर अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन