delhi defence trader threatened of extortion of crores after announcement of expansion करोड़ों की मांग; दिल्ली के रक्षा कारोबारी को मारने की धमकी, किया था यह ऐलान, Ncr Hindi News - Hindustan
More

करोड़ों की मांग; दिल्ली के रक्षा कारोबारी को मारने की धमकी, किया था यह ऐलान

दिल्ली पुलिस एक रक्षा व्यवसायी को अंतरराष्ट्रीय गिरोह से मिली जान से मारने की धमकियों की जांच कर रही है। कारोबारी को रंगदारी के लिए लगातार विदेशी नंबरों से डराया जा रहा है।

Fri, 8 May 2026 11:04 PMKrishna Bihari Singh भाषा, नई दिल्ली
share
करोड़ों की मांग; दिल्ली के रक्षा कारोबारी को मारने की धमकी, किया था यह ऐलान

दिल्ली पुलिस ने रक्षा व्यवसायी साहिल लूथरा को मिली जान से मारने की नई धमकी की जांच शुरू कर दी है। रक्षा कारोबारी साहिल लूथरा ने आरोप लगाया कि उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह से वॉयस नोट के जरिए धमकी मिली है। इससे पहले भी उन्हें विदेशी नंबरों से करोड़ों की रंगदारी के लिए फोन आए थे। पुलिस ने इस मामले को स्पेशल सेल को सौंप दिया है। माना जा रहा है कि ये धमकियां उनकी कंपनी के विस्तार के बाद शुरू हुई हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां धमकी देने वाले वसूली गिरोह का पता लगाने में जुटी हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विजयेन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस (वीटीडीएस) के प्रबंध निदेशक साहिल लूथरा को 24 अप्रैल को एक वॉयस नोट मिला था। इसमें उनको गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी गई है। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखा है।

सूत्रों ने बताया कि शिकायत को जांच और जरूरी कार्रवाई के लिए स्पेशल सेल को भेज दिया गया है। विशेष एजेंसियां पहले से ही जबरन वसूली और धमकी मामले की जांच रही हैं। इस नई शिकायत को भी इसी का हिस्सा माना जा रहा है।

स्पेशल सेल को सौंपा मामला

लूथरा ने अपनी लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि संदेश भेजने वाले ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले भी उन्होंने 26 फरवरी को विदेशी नंबरों से ऐसी ही धमकियां मिलने की शिकायत की थी। सूत्रों के अनुसार, लूथरा से छह मई को नवीनतम खतरे की आशंका से संबंधित एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया।

बार-बार धमकी भरे फोन आने का जिक्र

सूत्रों के मुताबिक, लूथरा को 2024 से ही धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि उनकी कंपनी ने पंजाब और अन्य रक्षा-संबंधी क्षेत्रों में विस्तार योजनाओं की घोषणा की थी। इसके बाद उनको धमकियां मिल रही हैं। पिछली शिकायतों में कई करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। यही नहीं कई देशों से बार-बार धमकी भरे फोन आने का भी जिक्र किया गया था।

विस्फोट की धमकियों की होगी जांच

इस बीच दिल्ली में ई-मेल के जरिए विस्फोट की धमकियों की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ऐसा किया गया है। साइबर अपराध को लेकर काम करने वाली इफसो यूनिट के एक एसीपी के नेतृत्व में ‘बॉम थ्रेट इन्वेस्टीगेशन टीम’ काम करेगी। टीम को ऐसे ई-मेल भेजने वाले शख्स और स्थान की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वह धमकी भरे मेल के तरीके को लेकर भी अध्ययन करेंगे ताकि इन्हें रोका जा सके। दरअसल, बीते दो वर्षों में बम की धमकी को लेकर आने वाले ई-मेल की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इनके से ज्यादातर धमकियां स्कूलों को दी गई हैं। ऐसे अधिकतर मामले आज भी अनसुलझे हुए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा के निर्देश पर इफसो यूनिट में विशेष टीम गठित की गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:DDA ने जारी किया नया नोटिस, खाली पड़े निजी प्लॉटों के मालिकों को होगा फायदा
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या के विरोध में जन सुराज पार्टी ने निकाला कैंडल मार्च
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।