बिना पूछे मोबाइल इस्तेमाल का विरोध किया तो पीट-पीट कर मार डाला, दिल्ली में वारदात
दिल्ली के मालवीय नगर में मोबाइल इस्तेमाल करने के मामूली विवाद पर एक शख्स ने सो रहे मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में सोमवार देर रात सिर्फ फोन इस्तेमाल करने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पहुंची मालवीय नगर थाना पुलिस ने मृतक 30 वर्षीय शत्रुघ्न के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मालवीय नगर थाना पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस उपायुक्त अंनत मित्तल ने बताया कि मृतक शत्रुघ्न मालवीय नगर के बेगमपुर इलाके में रहकर मजदूरी करता था। जबकि वह मूल रूप से बिहार के नालंदा के रहने वाला था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह अन्य मजदूरों के साथ गत्ता उठाने का काम करते थे।
बिना पूछे फोन का इस्तेमाल करने पर बवाल
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सोमवार रात करीब 10:10 बजे आरोपी राकेश ने बिना पूछे शत्रुघ्न का मोबाइल फोन इस्तेमाल कर लिया। इस बात का शत्रुघ्न ने विरोध किया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया।
चीख सुन जागे मजदूर तब तक आरोपी हुआ फरार
सूत्रों के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद के बाद शत्रुघ्न सोने चले गए, जबकि आरोपी वहां से चला गया। लेकिन रात करीब 12:30 बजे वह वापस लौटा और सो रहे शत्रुघ्न पर डंडे से हमला कर दिया। आरोपी ने उनके गले के ऊपर कई वार किए। हमले के दौरान शत्रुघ्न की चीख सुनकर आसपास सो रहे मजदूर जाग गए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
ठिकानों पर दबिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शत्रुघ्न को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी राकेश की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामूली विवाद के चलते इस तरह की वारदात बेहद चिंताजनक है। मामले में जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




साइन इन